एक मार्च से चेंज होंगे कई नियम…सिम से लेकर UPI पेमेंट तक , जानें बदलाव
मोबाइल, बैंकिंग, रेलवे टिकट और डिजिटल भुगतान से जुड़े नए बदलाव लागू होने की तैयारी, आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी में आएगा फर्क
बिजनेस डेस्क, 28 फरवरी 2026:
हर महीने की पहली तारीख की तरह एक मार्च 2026 से भी कई अहम नियम बदलने जा रहे हैं। इन बदलावों का असर सीधे आम लोगों की दिनचर्या और खर्च पर पड़ेगा। मोबाइल यूज, डिजिटल पेमेंट, रेलवे टिकट बुकिंग और बैंकिंग सिस्टम से जुड़े नए नियम लागू होने की संभावना है। आइए आसान भाषा में समझते हैं क्या बदलने वाला है।
सिम से लिंक करना होगा मैसेजिंग ऐप
नए नियम के तहत व्हाट्सएप समेत कई मैसेजिंग ऐप उसी मोबाइल सिम से जुड़े होने चाहिए, जो फोन में सक्रिय हो। यानी जिस डिवाइस पर ऐप चल रहा है, उसी में संबंधित सिम होना जरूरी रहेगा। इसके साथ ही वेब और डेस्कटॉप लॉगिन के लिए ऑटो लॉगआउट सिस्टम लागू किया जाएगा, जिसमें छह घंटे बाद अकाउंट अपने आप लॉगआउट हो जाएगा। इसका मकसद फर्जी नंबर और साइबर ठगी पर लगाम लगाना है।
रेलवे का पुराना ऐप UTS बंद होगा
रेलवे 1 मार्च से पुराने UTS ऐप को बंद करने जा रहा है। अनारक्षित टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट के लिए अब यात्रियों को नए RailOne ऐप का इस्तेमाल करना होगा। रेलवे का दावा है कि नया सिस्टम ज्यादा तेज और सुरक्षित होगा, हालांकि शुरुआती दिनों में कुछ तकनीकी दिक्कतें आ सकती हैं।
यूपीआई भुगतान होगा ज्यादा सेफ
डिजिटल फ्रॉड रोकने के लिए बड़े यूपीआई ट्रांजैक्शन पर अतिरिक्त सुरक्षा लागू की जा सकती है। सिर्फ यूपीआई पिन के बजाय बायोमेट्रिक या मल्टी फैक्टर ऑथेंटिकेशन जरूरी हो सकता है। इससे ऑनलाइन भुगतान पहले से ज्यादा सुरक्षित होने की उम्मीद है।
किरायेदारी के नियमों में भी बदलाव संभव
किराये के नए एग्रीमेंट के लिए डिजिटल रजिस्ट्रेशन को बढ़ावा दिया जा सकता है। सिक्योरिटी डिपॉजिट की सीमा तय करने और मकान मालिक द्वारा घर में प्रवेश से पहले सूचना देने जैसे प्रावधानों पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि किरायेदार और मकान मालिक के बीच विवाद कम हों।






