Sports

T20 World Cup: सेमीफाइनल की राह में दिग्गजों का इम्तिहान…आज वेस्टइंडीज से भिड़ेगा भारत

सुपर 8 में करो या मरो मुकाबला, ईडन गार्डेन्स में शाम सात बजे शुरू होगा मैच, लाइव प्रसारण और स्ट्रीमिंग का जानें डिटेल, टी 20 रिकार्ड में भारत तो विश्वकप में भारी रहा है वेस्टइंडीज का पलड़ा

स्पोर्ट्स डेस्क, 1 मार्च 2026:

टी20 विश्व कप 2026 के सुपर 8 दौर में रविवार को भारत और वेस्टइंडीज के बीच बेहद अहम मुकाबला खेला जाएगा। सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए टीम इंडिया के लिए यह मैच किसी इम्तिहान से कम नहीं है। कोलकाता के ईडन गार्डेन्स मैदान पर होने वाले इस मुकाबले में जीत हासिल करना भारतीय टीम के लिए बेहद जरूरी हो गया है।

सुपर 8 चरण की शुरुआत भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार से की थी। 76 रन की उस बड़ी हार का असर टीम के नेट रन रेट पर भी पड़ा। हालांकि जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए अगले मैच में भारतीय टीम ने दमदार वापसी करते हुए 72 रन से जीत दर्ज की और आत्मविश्वास हासिल किया। जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले में अभिषेक शर्मा शानदार लय में नजर आए और उन्होंने टूर्नामेंट का अपना पहला अर्धशतक लगाया। हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा ने भी तेज बल्लेबाजी से टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने किफायती प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट लिए, जबकि वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने भी अच्छा साथ दिया।

दूसरी ओर वेस्टइंडीज की टीम ने सुपर 8 के पहले मैच में जिम्बाब्वे को बड़ी जीत से हराया था, लेकिन इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नौ विकेट की हार झेलनी पड़ी। टीम के गेंदबाज लक्ष्य बचाने में नाकाम रहे और टॉप ऑर्डर बल्लेबाजी भी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी। हालांकि जेसन होल्डर और रोमारियो शेफर्ड ने संघर्ष जरूर दिखाया था।

अगर दोनों टीमों के टी20 रिकॉर्ड पर नजर डालें तो अब तक 30 मुकाबलों में भारत ने 19 मैच जीते हैं, जबकि वेस्टइंडीज को 10 जीत मिली है और एक मैच बेनतीजा रहा है। हालांकि टी20 विश्व कप इतिहास में वेस्टइंडीज का पलड़ा भारी रहा है, जहां उसने चार में से तीन मैच अपने नाम किए हैं। ईडन गार्डेन्स का रिकॉर्ड भारत के पक्ष में जाता है। इस मैदान पर दोनों टीमें चार बार आमने सामने आई हैं और हर बार जीत भारतीय टीम को मिली है। साल 2022 में भी यहां खेले गए सभी मुकाबलों में भारत ने जीत दर्ज की थी।

– कहां देख सकेंगे लाइव मैच

मैच भारतीय समयानुसार मुकाबला शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 6 बजकर 30 मिनट पर होगा। मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। डीडी स्पोर्ट्स और डीडी फ्री डिश पर भी दर्शक मैच देख सकेंगे। वहीं मोबाइल और ऑनलाइन दर्शकों के लिए मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार एप पर उपलब्ध रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button