लखनऊ, 2 मार्च 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र के तरौना गांव में सात वर्षीय अंशिका की दर्दनाक मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। रविवार शाम घर से शौच के लिए निकली कक्षा एक की छात्रा पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। मासूम को नोंच कर मार डाला।खेत में उसका खून से लथपथ शव मिलने के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
परिजनों के मुताबिक घर से निकली अंशिका करीब आधे घंटे तक नहीं लौटी तो उसकी मां सोनी उसे ढूंढने निकलीं। खेत में बेटी का शव देखकर वह बेसुध हो गईं। पिता दिलीप कश्यप बच्चों के लिए होली के कपड़े खरीदकर लौटे थे। घर पहुंचते ही उन्हें यह भयावह खबर मिली।

ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक है। पहले भी हमले हो चुके हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्राथमिक जांच में कुत्तों के झुंड द्वारा हमला किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने पंचायत प्रतिनिधियों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की बात कही है।
इस घटना के बाद प्रशासन हरकत में आया है। स्थानीय स्तर पर पशुपालन विभाग और नगर निकाय के साथ समन्वय कर आवारा कुत्तों की पहचान, पकड़ने और नसबंदी अभियान तेज करने की तैयारी की जा रही है। गांव में अस्थायी चेतावनी बोर्ड लगाने और बच्चों को अकेले बाहर न भेजने की अपील भी की गई है।
तरौना के लोग मांग कर रहे हैं कि कुत्तों के झुंड को तुरंत हटाया जाए और रात के समय गश्त बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में किसी और मासूम को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े।






