Lucknow City

ठंड में बढ़ी परेशानी… लखनऊ में आज पानी और बिजली दोनों की कटौती, इन इलाकों के लोग होंगे प्रभावित

शहर के चंदरनगर, ओमनगर, जयप्रकाशनगर, रामनगर, भिलावां, शक्तिनगर, कुरियाना, अर्जुननगर, पूरननगर व पुराना सरदारीखेड़ा में पानी की आपूर्ति बाधित रहेगी, गोमतीनगर के विपुल खंड-6 और अलीगंज सेक्टर-सी, सेक्टर-डी समेत आसपास होगी बिजली कटौती

लखनऊ, 31 जनवरी 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में कड़ाके की ठंड के बीच आज लोगों को दोहरी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। एक ओर जहां शहर के कई इलाकों में पेयजल संकट रहेगा वहीं दूसरी ओर बिजली आपूर्ति भी घंटों बाधित रहेगी। जलकल और बिजली विभाग द्वारा कराए जा रहे जरूरी रखरखाव और सुधार कार्यों के चलते यह असुविधा होगी।

आलमबाग के चंदरनगर स्थित पानी की टंकी की आज सफाई कराई जाएगी। इस कारण चंदरनगर और आसपास के इलाकों की करीब 30 हजार आबादी को पेयजल किल्लत झेलनी पड़ेगी। जलकल महाप्रबंधक कुलदीप सिंह के अनुसार आज सुबह नियमित जलापूर्ति के बाद पानी की टंकी की सफाई का कार्य शुरू किया जाएगा। इसके चलते शाम की जलापूर्ति प्रभावित रहेगी।

इससे चंदरनगर, ओमनगर, जयप्रकाशनगर (आंशिक), रामनगर, अमरुदहीबाग, भिलावां, शक्तिनगर, कुरियाना, अर्जुननगर, पूरननगर (आंशिक), ऋषिनगर (आंशिक) और पुराना सरदारीखेड़ा इलाकों में पानी की आपूर्ति बाधित रहेगी। जलकल विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुबह मिलने वाली आपूर्ति के दौरान ही अपनी जरूरत का पानी पहले से स्टोर कर लें, ताकि दिन में किसी तरह की दिक्कत न हो।

उधर, बिजली आपूर्ति भी कई इलाकों में बाधित रहेगी। गोमतीनगर के विपिन खंड उपकेंद्र क्षेत्र में आज बिजली सुधार कार्य किया जाएगा। इसके चलते दयाल फीडर से जुड़े विपुल खंड-6 के कुछ उपभोक्ताओं को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली नहीं मिलेगी। वहीं, अलीगंज क्षेत्र में पेड़ों की छंटाई के कारण सेक्टर-सी, सेक्टर-डी समेत आसपास के इलाकों में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली कटौती रहेगी।

ठंड के मौसम में पानी और बिजली दोनों की कटौती से लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। ऐसे में प्रशासन की अपील है कि लोग पहले से तैयारी रखें और सहयोग करें जिससे आवश्यक कार्य समय पर पूरे किए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button