विजय पटेल
रायबरेली, 5 मार्च 2026:
यूपी के रायबरेली जिले के बछरावां क्षेत्र के रानीखेड़ा गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता और सौतेली मां ने मिलकर 24 वर्षीय युवक की गला दबाकर हत्या कर दी और बाद में पड़ोसियों पर आरोप लगाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार रानीखेड़ा गांव निवासी रोशनलाल गत 28 फरवरी को संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया था। घटना के बाद उसके पिता छेदीलाल ने पुलिस को बताया कि एक दिन पहले रोशनलाल का गांव के कुछ लोगों से विवाद हुआ था। उसी रंजिश में उसकी हत्या कर दी गई होगी। पिता के बयान के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू करते हुए जिन लोगों से विवाद हुआ था उनसे पूछताछ की।
हालांकि जांच के दौरान पुलिस को मामले में कई संदिग्ध पहलू नजर आए। गहन पड़ताल में सामने आया कि रोशनलाल का अपने पिता और सौतेली मां अर्चना के साथ अक्सर विवाद होता रहता था। ग्रामीणों से पूछताछ में भी परिवार के भीतर तनाव और झगड़े की बात सामने आई।
इसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर छेदीलाल और उसकी दूसरी पत्नी अर्चना से सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों टूट गए और हत्या की साजिश का पूरा सच सामने आ गया। पुलिस के मुताबिक पारिवारिक विवाद और लगातार होने वाले झगड़ों से तंग आकर दोनों ने मिलकर रोशनलाल की गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद मामले को छिपाने के लिए छेदीलाल ने चतुराई से गांव के कुछ लोगों के साथ हुए विवाद को आधार बनाकर उन्हीं पर हत्या का आरोप लगा दिया, ताकि पुलिस का ध्यान दूसरी ओर चला जाए। बछरावां पुलिस ने आरोपी पिता छेदीलाल और सौतेली मां अर्चना को गिरफ्तार कर लिया है।






