Raebareli City

शराबी पिता बना हैवान! दो मासूम बेटों के खाने में मिलाया कीटनाशक, मां के आरोप से मचा हड़कंप

धान रोपाई के लिए खेत गई थी मां, लौटने पर दोनों बच्चों की बिगड़ी हालत, ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया, केस दर्ज कर जांच कर रही पुलिस

विजय पटेल

रायबरेली, 8 जुलाई 2026:

यूपी के रायबरेली जिले के हरचंदपुर क्षेत्र के गुनावर कमंगलपुर गांव से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने पति पर शराब के नशे में अपने ही दो मासूम बेटों की हत्या की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि आरोपी ने बच्चों के खाने में कथित तौर पर कीटनाशक मिला दिया। इससे दोनों की हालत बिगड़ गई। फिलहाल दोनों बच्चों का सीएचसी हरचंदपुर में उपचार चल रहा है।

शराब पीने का आदी बताया जा रहा आरोपी

ये भी पढ़ें:

पीड़िता सोहिनी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका पति सुरेश पासी शराब पीने का आदी है और आए दिन मारपीट व गाली-गलौज करता था। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर वह अपने छह और पांच वर्षीय बेटों के साथ अलग रह रही थी।

हालत बिगड़ने पर बच्चों को पहुंचाया गया सीएचसी

महिला के अनुसार मंगलवार सुबह वह धान की रोपाई के लिए खेत गई थी। इसी दौरान आरोपी घर पहुंचा और वहां रखे भोजन में कथित रूप से कीटनाशक मिला दिया। सुबह उठने के बाद दोनों बच्चों ने वही खाना खाया। इसके कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। बच्चों की हालत देखकर परिजन और ग्रामीण उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरचंदपुर ले गए, जहां उनका इलाज हुआ।

भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ा

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। महिला का दावा है कि ग्रामीणों के सामने आरोपी ने बच्चों के खाने में कीटनाशक मिलाने की बात भी स्वीकार की।

पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपों और साक्ष्यों की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

READ MORE

ये भी पढ़ें  शंकराचार्य ने चढ़ावा जांच पर दागे सवाल, बोले- बंद हो चोर-पुलिस का खेल, जनता का भरोसा लौटाएं

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button