न्यूज डेस्क, 6 मार्च 2026:
पश्चिम एशिया में अमेरिका, इस्राइल और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। जंग के सातवें दिन ईरान ने संकेत दिया है कि वह लंबी लड़ाई के लिए पूरी तरह तैयार है और आने वाले समय में ऐसे एडवांस हथियार इस्तेमाल कर सकता है, जिन्हें अब तक बड़े पैमाने पर तैनात नहीं किया गया है। वहीं ईरान ने कतर में अमेरिका के महत्वपूर्ण मिसाइल वार्निंग सिस्टम को हमला कर तबाह कर दिया है। ये अमेरिका के लिए बड़ा झटका है।
इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल अली मोहम्मद नैनी ने कहा कि ईरान के दुश्मनों को आने वाले दिनों में हमलों की नई लहर के लिए तैयार रहना चाहिए। उनके अनुसार ईरान के पास ऐसी सैन्य तकनीक और हथियार मौजूद हैं, जिन्हें अभी तक इस जंग में सामने नहीं लाया गया है।
उन्होंने कहा कि भविष्य के अभियानों में इन क्षमताओं का इस्तेमाल किया जा सकता है। नैनी के मुताबिक, ईरान पिछले साल अमेरिका और इस्राइल के साथ हुए 12 दिन के सैन्य टकराव की तुलना में अब कहीं ज्यादा तैयार है।

कतर में अमेरिकी रडार सिस्टम को नुकसान
इसी बीच रिपोर्ट सामने आई है कि ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में अमेरिका की सैन्य व्यवस्था को निशाना बनाते हुए कतर स्थित एक अहम मिसाइल चेतावनी रडार सिस्टम पर हमला किया है। बताया जा रहा है कि ईरानी मिसाइल और ड्रोन हमले में यह रडार सिस्टम क्षतिग्रस्त हुआ है। करीब 5000 किलोमीटर की रेंज वाले इस रडार को अमेरिकी मिसाइल रक्षा नेटवर्क का अहम हिस्सा माना जाता है। इसकी मदद से संभावित मिसाइल हमलों का पहले से पता लगाया जाता था।
अमेरिका के लिए क्यों अहम था यह सिस्टम
करीब 1.1 अरब डॉलर की लागत वाला यह रडार सिस्टम क्षेत्र में अमेरिका की शुरुआती चेतावनी व्यवस्था का मुख्य केंद्र माना जाता था। इसके नुकसान से खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों की निगरानी क्षमता पर असर पड़ सकता है। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब हाल ही में अमेरिका ने हिंद महासागर में एक ईरानी पोत को निशाना बनाया था, जिसमें कई लोगों के मारे जाने की खबर आई थी। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच सैन्य तनाव और तेज हो गया है।






