न्यूज डेस्क, 6 मार्च 2026
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा (CSE) 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। इस वर्ष अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान हासिल किया है। दूसरे स्थान पर राजेश्वरी सुवे एम और तीसरे स्थान पर एकांश धुल रहे। वहीं यूपी शामली की आस्था जैन ने 9वीं रैंक हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। परिणाम जारी होने के साथ ही टॉप-20 अभ्यर्थियों की सूची भी सामने आ गई है।
आयोग के अनुसार इस बार 958 उम्मीदवार अंतिम रूप से सफल हुए हैं। इनमें 317 सामान्य वर्ग, 104 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS), 306 अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), 158 अनुसूचित जाति (SC) और 73 अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के अभ्यर्थी शामिल हैं।
UPSC 2025 टॉप-10 लिस्ट
– अनुज अग्निहोत्री
– राजेश्वरी सुवे एम
– एकांश धुल
– राघव झुनझुनवाला
– इशान भटनागर
– जिनिया अरोरा
– एआर राजा मोहाइदीन
– प्रकाश सेक्रेट्री
– आस्था जैन
– उज्जवल प्रियांक
टॉप-20 में शामिल अन्य अभ्यर्थी
टॉप-10 के बाद भी कई अभ्यर्थियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। 11वें स्थान पर यशस्वी राजवर्धन, 12वें पर अक्षित भारद्वज, 13वें स्थान पर अनन्या शर्मा, 15वें स्थान पर सिमरनदीप कौर, 16वें पर मोनिका श्रीवास्तव, 17वें स्थान पर चितवन जैन, 18वें पर श्रुति आर, 19वें स्थान पर निसार दिशांत अमृतलाल और 20वें स्थान पर रवि राज रहे।
यूपी में शामली की आस्था जैन ने हासिल की 9वीं रैंक, पहले से हैं IPS अधिकारी
सिविल सेवा परीक्षा 2025 के घोषित परिणाम में उत्तर प्रदेश के शामली जिले की आस्था जैन ने ऑल इंडिया 9वीं रैंक हासिल की है। खास बात यह है कि आस्था पहले से ही भारतीय पुलिस सेवा (IPS) की अधिकारी हैं और इस समय हैदराबाद में प्रशिक्षण ले रही हैं। आस्था जैन ने अपनी IPS ट्रेनिंग से छुट्टी लेकर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी की और सेल्फ स्टडी के दम पर यह सफलता हासिल की। उनके इस उपलब्धि से परिवार और इलाके में खुशी का माहौल है। आस्था जैन का परिवार शामली जिले के कांधला कस्बे में रहता है। उनके पिता किराने की दुकान चलाते हैं, जबकि मां ममता जैन गृहिणी हैं। परिवार में तीन बहनें और एक भाई हैं। आस्था चारों भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर हैं। उनकी बड़ी बहन डॉक्टर हैं और तीसरे नंबर की बहन एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं।
अगस्त 2025 में हुई थी मुख्य परीक्षा
UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 की मुख्य लिखित परीक्षा अगस्त 2025 में आयोजित की गई थी। इसमें सफल अभ्यर्थियों के लिए फरवरी 2026 में इंटरव्यू आयोजित किए गए। इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग ने अब अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है।






