Lucknow City

लखनऊ में पार्क व्यू अपार्टमेंट्स का तोहफा : LDA बनाएगा 364 प्रीमियम फ्लैट, 7 मार्च से करें रजिस्ट्रेशन

हरदोई रोड स्थित बसंत कुंज योजना में राष्ट्र प्रेरणा स्थल के सामने भव्य रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट विकसित करने जा रहा LDA, 154 एवं 195 वर्गमीटर के होंगे 364 प्रीमियम फ्लैट्स, 3 वर्ष में पूरा होगा प्रोजेक्ट

लखनऊ, 7 मार्च 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में बेहतर लोकेशन पर घर खरीदने की चाह रखने वालों के लिए अच्छी खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) हरदोई रोड स्थित बसंत कुंज योजना में राष्ट्र प्रेरणा स्थल के सामने भव्य रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट ‘पार्क व्यू अपार्टमेंट्स’ विकसित करने जा रहा है। इस परियोजना में 364 प्रीमियम फ्लैट बनाए जाएंगे। एलडीए उपाध्यक्ष ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।

फ्लैटों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 7 मार्च से शुरू होकर 6 अप्रैल तक चलेगी। इच्छुक आवेदक केवल एलडीए की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे। एलडीए के अनुसार फ्लैट के अनुमानित मूल्य का 5 प्रतिशत पंजीकरण शुल्क जमा करना होगा जबकि आरक्षित वर्ग के लिए यह राशि 2.5 प्रतिशत निर्धारित की गई है। फ्लैटों का आवंटन पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा।

WhatsApp Image 2026-03-07 at 8.11.52 AM

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि ‘पार्क व्यू अपार्टमेंट्स’ की लोकेशन और कनेक्टिविटी इसे बेहद खास बनाती है। यह प्रोजेक्ट पुराने लखनऊ की घनी आबादी के करीब स्थित होगा। वहां इस तरह की आधुनिक आवासीय सुविधाएं मिलना मुश्किल है। अपार्टमेंट से ग्रीन कॉरिडोर, आईआईएम रोड, दुबग्गा रोड और चौक जैसे प्रमुख क्षेत्रों तक आसान पहुंच होगी।

करीब 13,350 वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित होने वाले इस प्रोजेक्ट में कुल चार टावर बनाए जाएंगे। इनमें टावर ए और बी में 16-16 फ्लोर, टावर सी में 20 फ्लोर और टावर डी में 17 फ्लोर होंगे। यहां 3 बीएचके और 3 बीएचके प्लस सर्वेंट श्रेणी के फ्लैट उपलब्ध होंगे। हर फ्लैट का आकार लगभग 154 से 195 वर्गमीटर के बीच होगा। 3 बीएचके फ्लैट की शुरुआती कीमत लगभग 75 लाख रुपये और 3 बीएचके प्लस सर्वेंट फ्लैट की कीमत करीब 95 लाख रुपये से शुरू होगी।

एलडीए के विशेष कार्याधिकारी के अनुसार इस आधुनिक सोसाइटी में स्विमिंग पूल, पार्क, क्लब हाउस, किड्स प्ले एरिया, पावर बैकअप और 455 से अधिक वाहनों की पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही परिसर में कॉमर्शियल दुकानें भी बनाई जाएंगी। इससे निवासियों की रोजमर्रा की जरूरतें आसानी से पूरी हो सकें।

परियोजना का निर्माण तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। आवंटियों को पांच वर्षों के भीतर फ्लैट का कब्जा देने की योजना है। आवंटन के बाद खरीदारों को 36 महीनों की किश्तों में पूरी राशि जमा करने की सुविधा मिलेगी। वहीं, 45 से 90 दिनों के भीतर पूरी रकम जमा करने पर 4 से 6 प्रतिशत तक की छूट भी दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button