Business

ग्लोबल तनाव के बीच बाजार की सुस्त शुरुआत… बाद में लौटी तेजी, अदाणी ग्रुप के शेयरों में दिखा उछाल

शुरुआती उतार-चढ़ाव के बाद बाजार में देखी गई हल्की रिकवरी, सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट के साथ शुरू हुआ कारोबार

बिजनेस डेस्क, 11 मार्च 2026:

भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को कारोबार की शुरुआत सुस्त रही। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेतों के कारण निवेशक सतर्क नजर आए। शुरुआती कारोबार में बाजार लाल निशान पर खुला। हालांकि कुछ देर बाद इसमें सुधार देखने को मिला और सूचकांक हरे निशान में लौटते दिखाई दिए।

कारोबार की शुरुआत में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 51.62 अंक यानी 0.07 प्रतिशत गिरकर 78,154.36 अंक पर आ गया। वहीं 50 शेयरों वाला निफ्टी 50 14.25 अंक या 0.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,247.35 अंक पर कारोबार करता दिखा। हालांकि शुरुआती उतार-चढ़ाव के बाद बाजार में हल्की रिकवरी भी देखी गई।

बुधवार सुबह सेंसेक्स 25.22 अंक की मामूली गिरावट के साथ 78,180.76 पर ट्रेड करता नजर आया, जबकि निफ्टी 50 करीब 29.75 अंक फिसलकर 24,231.85 के स्तर पर खुला। विशेषज्ञों के अनुसार ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव और संभावित सैन्य टकराव की आशंका ने वैश्विक निवेशकों को सतर्क कर दिया है। इसका असर दुनिया भर के शेयर बाजारों के साथ-साथ भारतीय बाजार पर भी देखने को मिल रहा है।

हालांकि बाजार की इस सुस्ती के बीच अडानी ग्रुप के शेयरों में तेजी देखने को मिली। समूह की लगभग सभी कंपनियां हरे निशान में कारोबार करती नजर आईं। अडानी टोटल गैस का शेयर सबसे करीब 13.23 प्रतिशत उछलकर 534.95 रुपये पर पहुंच गया। वहीं अडानी पोर्ट एंड स्पेशल इकोनामिक जोन करीब 1.95 प्रतिशत बढ़कर 1,451.90 रुपये रुपये पर कारोबार करता दिखा। इसके अलावा अडानी पावर में भी बढ़त दर्ज की गई।

इधर वैश्विक तनाव का असर कीमती धातुओं के बाजार पर भी दिखाई दिया। बुधवार को सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट के साथ कारोबार शुरू हुआ। चांदी की कीमत 1,560 रुपये गिरकर 2.75 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई, जबकि सोना 560 रुपये गिरकर 1.63 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। हालांकि पिछले दो दिनों में सोने और चांदी दोनों की कीमतों में अच्छी तेजी दर्ज की गई है। इससे बाजार में आगे भी उतार-चढ़ाव की संभावना बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button