Lucknow CityUttar Pradesh

कैथल के मठ पहुंचे योगी ने चेताया, कहा…जो मुकाबले में पस्त हुए, वही फैला रहे अफवाह व अराजकता

हरियाणा के कैथल स्थित बाबा मुकुट नाथ मठ के धार्मिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लिया हिस्सा, कहा जनता का भरोसा खो चुके लोग संस्थाओं पर उठा रहे सवाल

कैथल/लखनऊ, 14 मार्च 2026:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को हरियाणा में कैथल जिले के सौंगल गांव स्थित बाबा मुकुट नाथ मठ में ब्रह्मलीन महंत पीर गणेश नाथ के आठवां भंडारा, देशमेल और शंखाढाल कार्यक्रम में शामिल हुए। सीएम ने कहा कि जिन लोगों को जनता ने नकार दिया है, वे अब मुकाबला नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे लोग अफवाह फैलाकर और अराजकता पैदा कर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज को ऐसी कोशिशों से सावधान रहना होगा और देश को मजबूत बनाने के लिए मिलकर काम करना होगा।

अफवाहों से माहौल बिगाड़ने की कोशिश

धार्मिक कार्यक्रम में सीएम ने पूजा-अर्चना कर संतों के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। आयोजन के दौरान पीर शेरनाथ को पीर की पदवी भी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग देश में अव्यवस्था फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे लोग जब चुनाव जीतते हैं तो इसे अपनी उपलब्धि बताते हैं, लेकिन हारने पर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने लगते हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा, न्यायपालिका या चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं पर बार बार आरोप लगाना सही नहीं है।

Yogi Adityanath in Kaithal CM Addresses Rumors (2)

पहले की सरकारें करतीं थीं वोटबैंक की राजनीति

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की कई सरकारें केवल वोटबैंक और तुष्टिकरण की राजनीति में उलझी रहीं। इसी वजह से आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े मुद्दों पर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि जब केंद्र और राज्य में एक जैसी सरकार बनी तो अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण संभव हो सका। देश सुरक्षित रहेगा तो सनातन भी सुरक्षित रहेगा। दोनों को अलग नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि आज भारत विकास की राह पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है और दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रहा है।

नशे के खिलाफ जागरूकता जरूरी, संतों की परंपरा से मिलती है प्रेरणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के दुश्मन भारत में नशे का जाल फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। युवाओं को इससे बचाना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने धर्मसभाओं के माध्यम से लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करने की अपील की। संतों और संन्यासियों की परंपरा ने हमेशा समाज को सही रास्ता दिखाया है। उनके मार्गदर्शन से समाज में नैतिकता और कर्तव्य का भाव मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि संतों के सानिध्य में सनातन की ध्वज पताका हमेशा ऊंची रहेगी।

कार्यक्रम में आयोजक महंत शेरनाथ महाराज, महंत पीर बाबा बालकनाथ विधायक, महंत राजनाथ महाराज, महंत हरिनाथ महाराज, महंत पूर्णनाथ महाराज, महंत लहरनाथ महाराज, महंत जिताई नाथ महाराज, महंत कृष्णनाथ महाराज, महंत समुद्रनाथ महाराज और भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर समेत कई संत मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button