संदीप पटेल
बाराबंकी, 15 मार्च 2026:
शहर के बड़ेल क्षेत्र में भीम आर्मी ने अपनी पार्टी के स्थापना दिवस व कांशीराम जयंती पर जनसभा कर शक्ति प्रदर्शन किया। करणी सेना की धमकी के बाद चर्चा में आए इस कार्यक्रम में पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने मंच से उमड़ी भीड़ में जोश भर दिया। जनसभा में उन्होंने बहुजन समाज से एकजुट होने और लोकतांत्रिक तरीके से बदलाव लाने की अपील करते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने का आह्वान किया।
सभा में उमड़ी भारी भीड़ व कड़े सुरक्षा इंतजाम के बीच चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि बहुजन समाज को अब अपने हक के लिए जागरूक होकर आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वोट सबसे बड़ी ताकत है और इसी के जरिये सामाजिक और सियासी बदलाव लाया जा सकता है। अंबेडकर के सपनों का भारत अभी अधूरा है। उनके बाद उस मिशन को कांशीराम ने आगे बढ़ाया और अब आजाद समाज पार्टी उसी सोच को मजबूती के साथ आगे ले जाने का काम कर रही है।

कानून व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि प्रदेश के कई इलाकों में हत्या और अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि बाराबंकी आते समय रास्ते में कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी पर पत्थर फेंके। उनका कहना था कि यह पत्थर उन पर नहीं बल्कि सरकार के उन दावों पर हैं, जिनमें प्रदेश में मजबूत कानून व्यवस्था की बात कही जाती है। सभा के दौरान चंद्रशेखर आजाद ने बाराबंकी सदर विधानसभा सीट पर अपनी पार्टी की दावेदारी भी जताई। उन्होंने कहा कि जब तक आजाद समाज पार्टी मैदान में नहीं थी, तब तक लोग अलग अलग दलों को वोट देते थे, लेकिन अब पार्टी प्रदेश में तेजी से अपनी पकड़ मजबूत कर रही है।
उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र नगीना का जिक्र करते हुए कहा कि वहां की सभी विधानसभाओं में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा और आने वाले समय में प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी इसी तरह के नतीजे देखने को मिल सकते हैं। अंबेडकर और कांशीराम किसी एक दल या जाति के नहीं हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि 2006 से 2026 तक कई दलों को इन महापुरुषों की याद नहीं आई, लेकिन जब से आजाद समाज पार्टी सक्रिय हुई है, तब से सभी दल उन्हें अपना बताने लगे हैं। बहुजन समाज को भाईचारे और लोकतांत्रिक ताकत के साथ अपनी राजनीतिक भागीदारी बढ़ानी होगी, तभी समाज में असली बदलाव आ सकेगा। जनसभा में बड़ी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में उस समय हंगामा मच गया जब एक युवक रिवाल्वर लेकर मंच के करीब पहुंच गया। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों ने युवक को पकड़कर मंच से नीचे उतारा। इसके बाद मौके पर काफी देर तक हंगामा होता रहा। युवक ने अपना नाम अमित कुमार बताया और खुद को पुलिस लाइन में तैनात पुलिसकर्मी बताया। बाद में पता चला कि ड्यूटी के लिए सादी वर्दी में अमित को लगाया गया था। वह ड्यूटी पर था फिलहाल पुलिसकर्मी अमित को मंच से नीचे उतार दिया गया।






