Barabanki City

योगी ने निहारा महादेवा कॉरीडोर , बोले- विरासत की उपेक्षा खत्म, अब विकास और आस्था साथ-साथ

मुख्यमंत्री ने रामनगर के लोधेश्वर महादेव धाम में सावन से पहले की भगवान शिव की पूजा-अर्चना, जनसभा से दरियाबाद व रामनगर विधानसभा को 542 करोड़ की 82 परियोजनाओं की दी सौगात, केडी सिंह बाबू की हवेली और पारिजात वृक्ष के संरक्षण का जिक्र किया, कानून व्यवस्था से लेकर डिफेंस कॉरिडोर तक सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, डमरू वादन व जयघोष से गूंजा महादेवा

बाराबंकी, 20 जुलाई 2026:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सावन से पहले बाराबंकी के रामनगर स्थित लोधेश्वर महादेव धाम से जिले को 542 करोड़ रुपये से अधिक की 82 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों का सम्मान भी किया। इससे पहले उन्होंने भगवान लोधेश्वर महादेव के दर्शन कर जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की, फिर प्रस्तावित लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर का जायजा लिया। इस दौरान सामूहिक डमरू वादन ने सभी का मन मोह लिया और महादेवा बम-बम भोले व हर-हर महादेव से गूंज उठा।

लोधेश्वर धाम पहुंचकर जताई खुशी, अनदेखी पर जताया अफसोस

मंदिर के पीछे विशाल मैदान में हुई जनसभा में हुजूम को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भगवान लोधेश्वर महादेव के दर्शन कर उन्हें अंतःकरण से आनंद की अनुभूति हुई। उन्होंने कहा कि यह धाम सिर्फ बाराबंकी ही नहीं, आसपास के कई जिलों के श्रद्धालुओं की आस्था का बड़ा केंद्र है। लंबे समय तक यहां श्रद्धालु आते रहे, लेकिन मंदिर के विकास की ओर किसी ने गंभीरता से ध्यान नहीं दिया।
cm-yogi-barabanki-visit-lodheshwar-mahadev-corridor-foundation-projects (2)

ये भी पढ़ें:

लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर के लिए मंजूर हुई धनराशि, मंदिर की सड़क फोरलेन होगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने भगवान लोधेश्वर महादेव मंदिर कॉरिडोर के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी है। उन्होंने कहा कि कॉरिडोर बनने के बाद यह धाम और अधिक भव्य स्वरूप में दिखाई देगा। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और बाराबंकी धार्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में नई पहचान बनाएगा। उन्होंने जिला प्रशासन को मंदिर के सामने से गुजरने वाली सड़क को फोरलेन बनाने का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धन की कोई कमी नहीं आने देगी।
cm-yogi-barabanki-visit-lodheshwar-mahadev-corridor-foundation-projects (3)

विरासत की रक्षा सरकार की प्राथमिकता

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विरासत और सनातन धर्म देश की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि अलग-अलग समय में अनेक महापुरुषों ने इन मूल्यों की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने राजा बलभद्र सिंह, लाखन पासी, महाराजा बिजली पासी, महाराजा सुहेलदेव, महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज और गुरु गोबिंद सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि आज पूरा देश उन्हें उनके योगदान के लिए याद करता है। सरकार विरासत को संरक्षित करने का काम कर रही है। काशी विश्वनाथ धाम, विंध्यवासिनी धाम, गोला गोकर्णनाथ के बाद अब लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर भी इसी सोच का हिस्सा है।

केडी सिंह बाबू की हवेली का किया जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने हॉकी के महान खिलाड़ी केडी सिंह बाबू को याद करते हुए कहा कि एक समय ऐसा भी आया था जब उनकी हवेली बिकने की नौबत आ गई थी। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद स्थिति थी कि जिस खिलाड़ी ने अपना पूरा जीवन देश के राष्ट्रीय खेल हॉकी को समर्पित किया, उसकी विरासत को बचाने की चिंता किसी ने नहीं की। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद फैसला लिया गया कि केडी सिंह बाबू की हवेली बिकने नहीं दी जाएगी। सरकार ने इसका भुगतान कर उनकी स्मृतियों को संरक्षित करने का काम शुरू किया ताकि आने वाली पीढ़ियां उनसे प्रेरणा ले सकें।
cm-yogi-barabanki-visit-lodheshwar-mahadev-corridor-foundation-projects (4)

पारिजात वृक्ष और ऐतिहासिक धरोहरों का भी होगा संरक्षण

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले महाभारतकालीन पारिजात वृक्ष के संरक्षण के लिए भी पर्याप्त प्रयास नहीं किए गए। अब सरकार धार्मिक और ऐतिहासिक धरोहरों को बचाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण विकास का ही हिस्सा है।

विपक्ष पर साधा निशाना, कहा- आजादी के बाद तो सुध ले लेते

अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने कहा कि देश 1947 में आजाद हो गया था लेकिन आजादी मिलने के बाद विकास की रोशनी यहां भी पहुंचनी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उनके मुताबिक उस दौर में कब्रिस्तान की बाउंड्रीवॉल पर सरकारी पैसा खर्च होता रहा, जबकि लोधेश्वर महादेव मंदिर जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों की अनदेखी की गई। पहले की सरकारों की प्राथमिकता धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का विकास नहीं था। इसीलिए मंदिरों और ऐतिहासिक धरोहरों को नजरअंदाज किया गया। उन्होंने कहा कि आज सरकार बिना किसी भेदभाव के गरीब, किसान, महिला, युवा, दलित और पिछड़े वर्ग के लिए योजनाएं चला रही है। विकास का लाभ सभी तक पहुंचाया जा रहा है।
cm-yogi-barabanki-visit-lodheshwar-mahadev-corridor-foundation-projects (5)

कानून व्यवस्था और डिफेंस कॉरिडोर का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं बची है। उन्होंने कहा कि जो बेटी या व्यापारी की सुरक्षा से खिलवाड़ करेगा, उसकी जगह जेल या जहन्नुम होगी। पहले उत्तर प्रदेश की पहचान कट्टा और बम बनाने वाली फैक्ट्रियों से जुड़ती थी, जबकि आज लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है। डिफेंस कॉरिडोर प्रदेश को रक्षा उत्पादन का बड़ा केंद्र बना रहा है।

विकास कार्यों में भ्रष्टाचार के लगाए आरोप

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले विकास परियोजनाओं की लागत बढ़ाकर सरकारी धन की लूट होती थी। उनकी सरकार ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे सहित कई परियोजनाएं कम लागत में पूरी कराईं। बचाए गए धन का इस्तेमाल गरीबों के आवास, छात्रवृत्ति, किसान सम्मान निधि, पेंशन, स्वास्थ्य बीमा और दूसरे विकास कार्यों में किया जा रहा है।

बाराबंकी में विकास की असीम संभावनाएं, रामनगर विधानसभा का भी किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने रामनगर विधानसभा क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि अगर यहां भी भाजपा का जनप्रतिनिधि होता तो विकास की रफ्तार और तेज होती। उन्होंने लोगों से ऐसे प्रतिनिधि चुनने की अपील की जो क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि लखनऊ और अयोध्या के बीच स्थित बाराबंकी में विकास की बड़ी संभावनाएं हैं। लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर, नई सड़कें और अन्य विकास परियोजनाएं जिले को धार्मिक, सांस्कृतिक और आर्थिक रूप से नई पहचान देंगी। इस दौरान राज्यमंत्री सतीश शर्मा, अन्य विधायक व तमाम नेता मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  घर, रोजगार, ड्रोन और लैपटॉप… अमरोहा में CM योगी ने 10 लाभार्थियों को सौंपी आत्मनिर्भरता की चाबी

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button