एंटरटेनमेंट डेस्क, 16 मार्च 2026:
फिल्म जगत के सबसे प्रतिष्ठित अवॉर्ड समारोह ऑस्कर 2026 में इस बार फिल्म ‘वन बैटल आफ्टर अनदर’ का दबदबा देखने को मिला। इस फिल्म ने बेस्ट फिल्म समेत छह अवॉर्ड अपने नाम किए। समारोह में भारतीय अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा बतौर प्रेजेंटर कार्यक्रम का हिस्सा बनीं।
समारोह का आयोजन लॉस एंजिल्स के डॉल्बी थिएटर में हुआ, जहां दुनिया भर के कलाकारों और फिल्मकारों की मौजूदगी रही। भारतीय अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा अपने पति निक जोनस के साथ रेड कार्पेट पर पहुंचीं। प्रियंका बतौर प्रेजेंटर कार्यक्रम का हिस्सा बनीं। रेड कार्पेट पर दोनों की मौजूदगी ने भी खूब ध्यान खींचा।

बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड ‘सिनर्स’ के लिए माइकल बी जॉर्डन को मिला, जबकि ‘हैमनेट’ में शानदार अभिनय के लिए जेसी बकले को बेस्ट एक्ट्रेस का सम्मान दिया गया। निर्देशक पॉल थॉमस एंडरसन को ‘वन बैटल आफ्टर अनदर’ के लिए बेस्ट डायरेक्टर का अवॉर्ड मिला। इस साल ‘सिनर्स’ ने भी अच्छा प्रदर्शन किया और कुल चार ऑस्कर अपने नाम किए। वहीं ‘फ्रैंकेंस्टाइन’ को भी कई तकनीकी कैटेगरी में अवॉर्ड मिले, जिससे यह फिल्म भी चर्चा में रही।
जेसी बकले ने अपनी जीत के साथ इतिहास रच दिया। वह बेस्ट एक्ट्रेस का ऑस्कर जीतने वाली पहली आयरिश अभिनेत्री बन गई हैं। दूसरी तरफ माइकल बी जॉर्डन बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड जीतने वाले छठे अश्वेत अभिनेता बने। उनके करियर का यह पहला ऑस्कर है। ‘सिनर्स’ में उन्होंने जुड़वा भाइयों का किरदार निभाया, जिसे काफी सराहा गया।
ये है ऑस्कर विनर्स की लिस्ट:
ऑस्कर 2026 में बेस्ट फिल्म का अवॉर्ड ‘वन बैटल आफ्टर अनदर’ को मिला। बेस्ट एक्टर का सम्मान ‘सिनर्स’ के लिए माइकल बी जॉर्डन को दिया गया, जबकि ‘हैमनेट’ में अभिनय के लिए जेसी बकले को बेस्ट एक्ट्रेस चुना गया। ‘वन बैटल आफ्टर अनदर’ के लिए पॉल थॉमस एंडरसन को बेस्ट डायरेक्टर और इसी फिल्म के लिए शॉन पेन को बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का अवॉर्ड मिला। बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का सम्मान ‘वेपन्स’ के लिए एमी मैडिगन को मिला। बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म ‘सेंटीमेंटल वैल्यू’ रही। बेस्ट ओरिजिनल स्क्रीनप्ले ‘सिनर्स’ के लिए रयान कूगलर को मिला, जबकि बेस्ट एडॉप्टेड स्क्रीनप्ले ‘वन बैटल आफ्टर अनदर’ के लिए पॉल थॉमस एंडरसन को दिया गया। विजुअल इफेक्ट्स कैटेगरी में ‘अवतार फायर एंड ऐश’ को अवॉर्ड मिला, वहीं बेस्ट एनिमेटेड फीचर फिल्म ‘के-पॉप डेमन हंटर्स’ रही।







