National

ईरान में जंग के बीच भारतीयों के लिए नई एडवाइजरी, कहा- बिना सूचना बॉर्डर पार न करें, मदद नहीं मिल पाएगी

तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने कहा कि सूचित किए बिना जमीनी सीमा से बाहर जाने की कोशिश करने पर इमिग्रेशन और प्रशासनिक स्तर पर गंभीर समस्याओं का करना पड़ सकता है सामना, आपात स्थिति में सहायता के लिए कई हेल्पलाइन नंबर जारी

न्यूज डेस्क, 16 मार्च 2026:

इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध के बीच ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों को लेकर भारत सरकार ने सतर्कता बढ़ा दी है। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने सोमवार को एक नई एडवाइजरी जारी कर भारतीयों को बिना जानकारी दिए ईरान की सीमा पार करने से सख्ती से मना किया है।

दूतावास ने स्पष्ट कहा है कि ईरान में रह रहे भारतीय नागरिक किसी भी परिस्थिति में दूतावास को सूचित किए बिना जमीनी सीमा से बाहर जाने की कोशिश न करें। ऐसा करने पर उन्हें इमिग्रेशन और प्रशासनिक स्तर पर गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। एडवाइजरी में कहा गया है कि दूतावास ईरान में रह रहे भारतीय समुदाय के साथ लगातार संपर्क में है। जरूरत पड़ने पर उनके लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।

WhatsApp Image 2026-03-16 at 6.29.18 PM

इसके बावजूद कुछ लोग स्वतंत्र रूप से बॉर्डर पार करने की कोशिश कर रहे हैं, जो सुरक्षा और प्रशासनिक दृष्टि से बेहद जोखिम भरा हो सकता है। दूतावास ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि कोई भारतीय नागरिक बिना सूचना दिए ईरान की सीमा पार कर जाता है, तो ऐसी स्थिति में दूतावास उसकी मदद नहीं कर पाएगा।

गौरतलब है कि इससे पहले 9 मार्च को भी भारतीय दूतावास ने इसी तरह की एडवाइजरी जारी कर नागरिकों से सतर्क रहने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की थी। आपात स्थिति में सहायता के लिए दूतावास ने कई हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। भारतीय नागरिक +98 912 810 9115, +98 912 810 9102, +98 912 810 9109 और +98 993 217 9359 पर संपर्क कर सकते हैं।

इसके अलावा cons.tehran@mea.gov.in ईमेल के जरिए भी दूतावास से सहायता ली जा सकती है। दूतावास ने भारतीयों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और केवल आधिकारिक सूचना के आधार पर ही कोई कदम उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button