एंटरटेनमेंट डेस्क, 17 मार्च 2026:
सलमान खान की अपकमिंग फिल्म बैटल ऑफ़ गलवान को लेकर बड़ा अपडेट हुआ है। काफी समय से ‘बैटल ऑफ गलवान’ नाम से चर्चा में चल रही इस फिल्म का टाइटल अब बदल दिया गया है। मेकर्स ने नया नाम ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ रखा है। खुद सलमान खान ने सोशल मीडिया पर इसका पोस्टर शेयर कर इसकी झलक दिखाई।
नए नाम के साथ फिल्म का अंदाज भी बदला नजर आ रहा है। पोस्टर में सलमान का आधा चेहरा दिख रहा है, जो खून से सना हुआ है। लुक काफी इंटेंस है और रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। फिल्म का नया नाम लोगों का ध्यान खींच रहा है। खासतौर पर इसकी टैगलाइन मे वॉर रेस्ट इन पीस यानी जंग खत्म हो, काफी चर्चा में है। आम तौर पर ऐसी फिल्मों में लड़ाई और बहादुरी पर जोर रहता है, लेकिन यहां शांति की बात सामने रखी गई है। इसी वजह से माना जा रहा है कि फिल्म सिर्फ वॉर की कहानी तक सीमित नहीं रहेगी।
फिल्म की कहानी गलवान घाटी की घटना से प्रेरित बताई जा रही है। हालांकि नाम बदलने के बाद यह साफ संकेत मिल रहा है कि इसमें देशभक्ति के साथ इंसानियत का पहलू भी मजबूत रहेगा। टाइटल बदलने के फैसले को लेकर फैंस का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। सोशल मीडिया पर लोग इस नए एप्रोच की तारीफ कर रहे हैं। इस फिल्म में सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह नजर आएंगी। दोनों पहली बार एक साथ स्क्रीन शेयर करेंगे। इससे पहले सलमान फिल्म ‘सिकंदर’ में दिखे थे, जो बॉक्स ऑफिस पर खास असर नहीं छोड़ पाई थी।






