Entertainment

क्रिकेट, पैसा और विवाद…रणवीर सिंह बनेंगे ललित मोदी! बायोपिक पर काम शुरू, लंदन में हुई थी खास मुलाकात

स्क्रिप्ट को लेकर टीम लगातार कर रही है रिसर्च, रणवीर का नाम सामने आने से फैंस की बढ़ी उत्सुकता

एंटरटेनमेंट डेस्क, 5 जून 2026:

बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनकी कोई नई फिल्म नहीं बल्कि आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी की बायोपिक है। ललित मोदी ने खुद इस बात का एक इंटरव्यू में खुलासा किया है कि रणवीर सिंह उनकी जिंदगी पर बनने वाली फिल्म में दिलचस्पी दिखा चुके हैं और इस सिलसिले में वो उनसे मिलने लंदन भी पहुंचे थे।

ललित मोदी ने बताया कि उनकी बायोपिक पर फिलहाल काम चल रहा है और इसकी स्क्रिप्ट तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट के लिए एक टीम लगातार रिसर्च कर रही है और कहानी को बड़े स्तर पर विकसित किया जा रहा है। ललित मोदी ने कहा कि मैं चाहूंगा कि रणवीर यह भूमिका निभाएं अगर उनके पास समय हो क्योंकि अब वो बहुत बड़े स्टार बन चुके हैं।

उन्होंने आगे बताया कि वह पहले रणवीर सिंह को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते थे हालांकि दीपिका पादुकोण से उनकी अच्छी पहचान थी। ललित मोदी ने कहा कि एक दिन रणवीर का मुझे फोन आया था कि वो मुझसे मिलना चाहते हैं।

ये भी पढ़ें:

पूर्व आईपीएल कमिश्नर के मुताबिक रणवीर सिंह ने उनसे कहा था कि अगर उन्हें जिंदगी में सिर्फ एक किरदार निभाने का मौका मिले तो वह ललित मोदी का किरदार निभाना चाहेंगे। मोदी ने रणवीर की तारीफ करते हुए कहा कि वह शानदार अभिनेता हैं और उन्होंने धुरंधर मूवी में बेहतरीन काम किया है।

हालांकि अभी तक इस बायोपिक के लिए किसी अभिनेता का आधिकारिक तौर पर चयन नहीं किया गया है। फिल्म फिलहाल स्क्रिप्टिंग स्टेज में है और इसकी कहानी पर विस्तार से काम किया जा रहा है। गौरतलब है कि ललित मोदी भारतीय क्रिकेट जगत का एक बड़ा और विवादित नाम रहे हैं। उन्होंने आईपीएल की शुरुआत कर क्रिकेट को नया आयाम दिया लेकिन बाद में वित्तीय अनियमितताओं और अन्य आरोपों के चलते विवादों में घिर गए। लंबे समय से वो लंदन में रह रहे हैं।

वहीं रणवीर सिंह इन दिनों अपने कई बड़े प्रोजेक्ट्स को लेकर चर्चा में हैं। ‘डॉन 3’ से जुड़े विवादों के बीच अब ललित मोदी की बायोपिक में उनका नाम सामने आने से फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है। इस प्रोजेक्ट में अगर रणवीर सिंह मुख्य भूमिका निभाते हैं तो यह बॉलीवुड की सबसे चर्चित बायोपिक्स में से एक साबित हो सकती है।

ये भी पढ़ें  'भूल भुलैया 3' का धमाकेदार टीजर रिलीज, मंजुलिका की वापसी और रूह बाबा की जबरदस्त टक्कर, इसदिवाली, तैयार हो जाइए डर और हंसी के महासंग्राम के लिए

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button