
एंटरटेनमेंट डेस्क, 10 सितंबर 2026:
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में बुधवार को हुए 62वें महाराष्ट्र राज्य फिल्म पुरस्कार समारोह में अभिनेत्री रानी मुखर्जी को राजकपूर विशेष योगदान पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उन्हें यह सम्मान दिया। मंच पर पुरस्कार लेते वक्त रानी भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि अपनी जन्मभूमि और अपने लोगों से मिला यह सम्मान उनके लिए बेहद खास है।
करियर और घर जैसा एहसास के साथ मुंबई ने दी पहचान
रानी मुखर्जी ने कहा कि मुंबई ने उन्हें सिर्फ पहचान नहीं दी, बल्कि अपने लोग, करियर और घर जैसा एहसास भी दिया। उन्होंने कहा कि यह शहर उनके लिए सुरक्षित जगह रहा है। यही वजह है कि यह पुरस्कार उनके दिल में हमेशा खास जगह रखेगा। जब भी वह इसे देखेंगी, उन्हें सिर्फ पुरस्कार नहीं बल्कि अपना मुंबई और महाराष्ट्र नजर आएगा।

राज कपूर के नाम पर सम्मान को बताया खास
रानी ने कहा कि भारतीय सिनेमा के दिग्गज राज कपूर के नाम पर दिया जाने वाला पुरस्कार मिलना अपने आप में बड़ी बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वह इस सम्मान के अनुरूप अपने काम के जरिए आगे भी बनी रहेंगी। अभिनेत्री ने अपने फिल्मी सफर में चुने गए किरदारों को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि वह हमेशा उन भूमिकाओं की तरफ आकर्षित हुईं जो उन्हें सच्ची लगीं। ऐसे किरदार जिनकी कहानी, सफर और मुश्किलों से लड़ने की क्षमता उन्हें प्रभावित करती थी। रानी ने कहा कि उन्हें ऐसे किरदार पसंद आए जिनमें साहस था, कमियां थीं और जो पृष्ठभूमि में गुम होने के लिए तैयार नहीं थे।
Honouring Excellence in Cinema at the 62nd Maharashtra State Marathi Film Awards
It was an honour to present the 62nd Maharashtra State Marathi Film Awards in Mumbai today and celebrate some of the finest contributors to Indian cinema and the arts.
The Late Raj Kapoor Special… https://t.co/nHMBHD8EOK pic.twitter.com/TDZQNTNi9X
— Devendra Fadnavis (@Dev_Fadnavis) September 9, 2026
1996 में शुरू हुआ था फिल्मी सफर
रानी मुखर्जी ने 1996 में फिल्म राजा की आएगी बारात से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद कुछ कुछ होता है, हद कर दी आपने, साथिया, ब्लैक, मर्दानी फ्रेंचाइजी, मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे जैसी फिल्मों में उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाए। करीब तीन दशक के करियर में वह हिंदी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्रियों में अपनी जगह बना चुकी हैं।
अन्य हस्तियों को भी मिला सम्मान
62वें महाराष्ट्र राज्य फिल्म पुरस्कार समारोह में रानी मुखर्जी के अलावा प्रसाद ओक को चित्रपति वी. शांताराम विशेष योगदान पुरस्कार दिया गया। सलीम खान की ओर से उनकी पत्नी हेलन खान को स्व. राज कपूर जीवनगौरव पुरस्कार मिला। पं. हृदयनाथ मंगेशकर को वी. शांताराम जीवनगौरव पुरस्कार से सम्मानित किया गया।






