लखनऊ, 19 मार्च 2026:
भगवान झूलेलाल जयंती से एक दिन पहले यूपी की राजधानी लखनऊ में सिंधी समाज की महिलाओं ने उत्साह और भक्ति का अनूठा संगम पेश किया। गुरुवार को निकाली गई स्कूटर रैली में ‘जो कहेगा झूलेलाल, उसका होगा बेड़ा पार’ के जयकारों से शहर गूंज उठा। रैली का संचालन रेनू वरयानी, साक्षी बत्रा और दिव्या रामानी ने किया।
यह रैली इंदिरानगर स्थित झूलेलाल धर्मशाला से शुरू होकर सेंट्रल अकादमी, अरविंदो पार्क, मुंशीपुलिया, सी ब्लॉक चौराहा, भूतनाथ मार्केट और भूतनाथ मेट्रो स्टेशन होते हुए फैजाबाद रोड, नीलगिरी चौराहा, शालीमार चौराहा से गुजरते हुए कन्वेंशन सेंटर पर समाप्त हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धा और उल्लास का माहौल बना रहा।

झूलेलाल जयंती शुक्रवार को धूमधाम से मनाई जाएगी। सुबह से ही शहर के सिंधी मंदिरों में पूजा-अर्चना शुरू होगी। गोमती नदी के घाटों पर नवजात शिशुओं के मुंडन और जनेऊ संस्कार की परंपरा निभाई जाएगी। इसके साथ ही सिंधी बाहुल्य इलाकों से भव्य शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। उनमें फूलों की वर्षा और प्रसाद वितरण आकर्षण का केंद्र रहेगा।
झूलेलाल वाटिका में भव्य मेले का आयोजन किया गया है जहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुति होगी। भक्ति गीतों के साथ डांडिया, नृत्य और ढोल-नगाड़ों की गूंज माहौल को भक्तिमय बनाएगी। मेले में भगवान झूलेलाल की महाआरती और उनकी विशाल प्रतिमा विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। समाज के कुछ निष्ठावान लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा।
चेट्टी चंद मेला कमेटी के प्रवक्ता अशोक मोतियानी, अध्यक्ष रतन मेघानी, महामंत्री संजय जसवानी सहित अन्य पदाधिकारियों ने जयंती के अवसर पर समाज के व्यापारियों से ग्राहकों को छूट देने की अपील की है। साथ ही मेले में सिंधी भाषा को बढ़ावा देने का संकल्प भी लिया जाएगा जिससे नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी रहे।






