Entertainment

पहले दिन ही ‘धुरंधर 2’ का तूफान…ओपनिंग में 100 करोड़ पार, कई बड़े रिकॉर्ड ध्वस्त

रणवीर सिंह के करियर की सबसे बड़ी शुरुआत, पेड प्रीव्यू से ही मजबूत बढ़त, साउथ की फिल्म ‘उस्ताद भगत सिंह’ मुकाबले में पीछे रही, हिंदी के साथ तमिल और तेलुगु में भी रिलीज का फायदा मिला

एंटरटेनमेंट डेस्क, 20 मार्च 2026:

गुरुवार को रिलीज हुई धुरंधर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर आते ही धमाकेदार शुरुआत की है। रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला, जिसका असर पहले दिन की कमाई में साफ दिखा। रिलीज से पहले ही फिल्म ने पेड प्रीव्यू के जरिए करीब 50 करोड़ रुपये जुटा लिए थे। यही रफ्तार ओपनिंग डे पर भी जारी रही। ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म ने पहले दिन 102.55 करोड़ रुपये की कमाई कर डाली। इस तरह यह भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनिंग देने वाली फिल्मों में शामिल हो गई है।

नेट कलेक्शन की बात करें तो फिल्म की कुल कमाई 145.55 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। इसके साथ ही यह धुरंधर के पहले दिन के 28 करोड़ के कलेक्शन को काफी पीछे छोड़ चुकी है। फिल्म ने ओपनिंग के मामले में जवान, पठान और पुष्पा 2 जैसी बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड भी तोड़ दिए हैं। इससे साफ है कि दर्शकों में फिल्म को लेकर पहले से ही जबरदस्त उत्साह था।

इसी दिन रिलीज हुई उस्ताद भगत सिंह इस रफ्तार के सामने टिक नहीं सकी। फिल्म ने पहले दिन करीब 31.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। दोनों फिल्मों की टक्कर में साफ तौर पर धुरंधर 2 आगे रही। धुरंधर 2 को हिंदी के अलावा तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी रिलीज किया गया, जिसका फायदा कलेक्शन में दिखा। तमिल वर्जन ने 1.16 करोड़ और तेलुगु वर्जन ने 2.12 करोड़ रुपये की कमाई की। हालांकि मलयालम और कन्नड़ में रिस्पॉन्स कमजोर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button