Lucknow City

योगी सरकार ने दी नवयुग पालिका योजना को मंजूरी…आधुनिक होंगी 58 नगर पालिकाएं

डिजिटल गवर्नेन्स और बुनियादी ढांचे पर रहेगा जोर, हर नगर पालिका और नगर पंचायत को जनसंख्या के हिसाब से दो श्रेणियों में बांटा गया, 5 साल में 2916 करोड़ रुपये का होगा निवेश

लखनऊ, 23 मार्च 2026:

प्रदेश के जिला मुख्यालयों के नगर पालिकाओं के विकास को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में नवयुग पालिका योजना को मंजूरी दी गई। योजना के तहत 58 जिला मुख्यालयों की नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों को आधुनिक सुविधाओं से सजाया जाएगा। इसमें 55 नगर पालिका परिषद और 3 नगर पंचायत शामिल हैं। गौतमबुद्धनगर की दादरी नगर पालिका परिषद भी इस योजना में शामिल होगी।

योजना पांच साल में लागू होगी। हर साल लगभग 583 करोड़ रुपये खर्च होंगे और कुल निवेश 2916 करोड़ रुपये होगा। यह पूरी तरह राज्य सरकार की तरफ से होगा। योजना के जरिए डिजिटल गवर्नेन्स, ई-सेवाएं और तकनीकी समाधान बढ़ेंगे, जिससे नागरिकों को तेज और आसान सेवाएं मिलेंगी।

नवयुग पालिका योजना का मकसद नगरों में बुनियादी ढांचा मजबूत करना, साफ-सुथरा और व्यवस्थित माहौल देना और नागरिकों की जिंदगी आसान बनाना है। इसके तहत सड़कों, जल निकासी, पेयजल, रोशनी और अन्य सुविधाओं का विकास होगा। जिला मुख्यालयों को विकसित करने से इलाके के बीच विकास में संतुलन आएगा और नगर निगमों से बाहर के क्षेत्रों में भी आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी।

परियोजनाओं का चयन जनपद स्तर पर बनाई गई समितियों के जरिए होगा और राज्य स्तर की तकनीकी टीम जांच के बाद उन्हें हरी झंडी देगी। नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने बताया कि नगरों को उनकी जनसंख्या के हिसाब से दो श्रेणियों में बांटा गया है। योजना में उत्सव भवन, ऑडिटोरियम, प्रदर्शनी केंद्र, पार्क और बिजली व्यवस्था के आधुनिकीकरण जैसे काम किए जाएंगे। इस तरह जिला स्तर के नगर पालिकाओं को भी स्मार्ट सिटी जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button