Business

सूने पड़े शेयर बाजार में लौटी रौनक…सेंसेक्स 1500 अंक उछला, निफ्टी 22800 के पार

वैश्विक संकेतों के बीच बाजार में आई रिकवरी, शुरुआती कारोबार में बढ़त, रुपया डॉलर के मुकाबले कमजोर, निवेशकों में अब भी सतर्कता

बिजनेस डेस्क, 24 मार्च 2026:

हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को शेयर बाजार ने तेज वापसी की। पिछले दिन भारी गिरावट के बाद आज बाजार हरे निशान पर खुला और शुरुआती कारोबार में अच्छी बढ़त दर्ज की गई।

30 शेयरों वाला सेंसेक्स करीब 1516 अंक चढ़कर 74,212 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी भी करीब 387 अंक की तेजी के साथ 22,899 के पार निकल गया। हालांकि रुपये पर दबाव बना रहा और यह डॉलर के मुकाबले 20 पैसे गिरकर 93.73 पर आ गया।

सोमवार को बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 1836 अंक टूटकर 72,696 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 22,493 के स्तर पर आ गया था। ऐसे में आज की तेजी को रिकवरी के तौर पर देखा जा रहा है।

बाजार जानकारों का कहना है कि इस तेजी के बावजूद निवेशकों का भरोसा पूरी तरह नहीं लौटा है। वैश्विक हालात अब भी अनिश्चित बने हुए हैं और बाजार में उतार-चढ़ाव जारी है। सोशल मीडिया पर आ रही खबरों और उनके खंडन से भी बाजार तेजी से प्रभावित हो रहा है।

अंतरराष्ट्रीय संकेत भी मिले-जुले हैं। एशियाई बाजारों में शुरुआत में तेजी रही, लेकिन बाद में बढ़त कुछ कम हो गई। कच्चे तेल की कीमतों में हल्की मजबूती दिखी है, जबकि डॉलर मजबूत हुआ है। सोना और चांदी में पिछले कई दिनों से गिरावट का रुख बना हुआ है।

अमेरिकी बाजारों में भी सोमवार को बढ़त रही। डाउ जोन्स, एसएंडपी 500 और नैस्डैक तीनों सूचकांक मजबूती के साथ बंद हुए। वहीं अमेरिकी स्टॉक फ्यूचर्स में हल्की गिरावट देखी जा रही है।

पश्चिम एशिया के हालात भी बाजार पर असर डाल रहे हैं। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव फिलहाल थोड़ा कम हुआ है, लेकिन स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है। होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर चिंता बनी हुई है, जिससे निवेशकों की सतर्कता जारी है।

कमोडिटी बाजार की बात करें तो ब्रेंट क्रूड करीब 104 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है। सोने की कीमतों में गिरावट जारी है और 24 कैरेट सोना 1,37,370 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास पहुंच गया है। चांदी में भी तीन फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई और इसका भाव 2,17,823 रुपये प्रति किलो रहा।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button