Gorakhpur

सम्मान व पैसे की भूख में हाईस्कूल फेल बना फर्जी IAS…शादी रचाने पर खुली पोल, पुलिस ने दबोचा

मणिपुर कैडर का अफसर बताकर गोरखपुर की युवती से की थी शादी, दूसरे ही दिन खुली सच्चाई पहले से शादीशुदा होने का भी खुलासा, कई और मामलों की जांच जारी

हरेंद्र धर दुबे

गोरखपुर, 24 मार्च 2026:

खुद को IAS अफसर बताकर गोरखपुर की एक युवती से शादी करने वाला प्रीतम निषाद उर्फ अर्जुन सिंह आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। कैंट थाना पुलिस ने उसे जालौन के कालपी रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। युवती के पिता की शिकायत के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी और लोकेशन मिलने पर धर दबोचा गया।

बता दें कि कैंट थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने बेटी के साथ शादी ने नाम पर हुए फ्रॉड का केस दर्ज कराया था। उनका आरोप था कि शादी करने वाले युवक प्रीतम निषाद ने खुद को आईएएस बताया जबकि वो अधिकारी नहीं है। प्रीतम इटावा के इकदिल थाना क्षेत्र का रहने वाला है। युवती के पिता ने बताया कि शादी में 20 से 30 बाराती शामिल हुए थे। प्रीतम शेरवानी पहनकर पूरे ठाठ से बारात लेकर आया था। उसने समाज के कुछ नेताओं को भी कार्ड दिया था, जिन्हें वह खुद को IAS बताकर बुलाया था।

केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने इस फ्रॉड को जालौन में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में जो सच सामने आया, उसने सबको हैरान कर दिया। प्रीतम न तो IAS है, न ही उसने कभी इसकी तैयारी की। वह सिर्फ हाईस्कूल पास है। फर्जी पहचान के सहारे वह अब तक कई जगह शादियां कर चुका है। गोरखपुर में भी उसने खुद को मणिपुर कैडर का अफसर बताकर रिश्ता तय किया था।

एसपी सिटी निमिष पटेल ने मीडिया को बताया कि आरोपी काफी शातिर है और लंबे समय से लोगों को झांसा दे रहा था। उसके पास से मोबाइल फोन, टैबलेट और आधार कार्ड बरामद हुआ है। अब तक दो शादियों की पुष्टि हो चुकी है, बाकी मामलों की छानबीन चल रही है। लोगों से सम्मान हासिल करने व फ्रॉड कर पैसे कमाने के लिए उसने फर्जी आईएएस बनने का ड्रामा शुरू किया था।

आरोपी के जीजा भानु निषाद ने भी उसकी सच्चाई सामने रखी। उनका कहना है कि प्रीतम ने कभी कोई बड़ी परीक्षा नहीं दी। वह शुरू से ही गलत जानकारी देकर लोगों को प्रभावित करता रहा। गोरखपुर में भी उसने झूठी पहचान के सहारे शादी की, लेकिन विदाई के बाद ही पोल खुल गई और लड़की के घरवाले उसे वापस ले गए।

जांच में यह भी सामने आया कि प्रीतम की पहली शादी औरैया के दौलतपुर गांव में हुई थी, जिसका अब तक तलाक नहीं हुआ। इसके बावजूद उसने दूसरी शादी कर ली। परिवार के लोगों ने बताया कि शादी के वक्त किसी को शक नहीं हुआ था। लड़की पक्ष के लोग पहले घर भी देखने आए थे। सब कुछ ठीक लगने पर शादी कर दी गई, लेकिन बाद में मामला बिगड़ गया। विदाई के बाद सच्चाई सामने आई तो विवाद हुआ और लड़की को वापस ले जाया गया।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button