लखनऊ, 24 मार्च 2026:
गोमती नगर स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क में प्रदेश का सबसे बड़ा स्केट पार्क बनकर तैयार हो गया है। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने इसका उद्घाटन करके आम जनता के लिए खोल दिया।
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने लगभग 8,500 वर्गमीटर क्षेत्र में पार्क तैयार किया है। इसमें 4,000 वर्गमीटर स्केटिंग रिंक और 4,500 वर्गमीटर स्पोर्ट्स एरिया शामिल है। यहां लोग स्केटिंग के साथ लोन टेनिस, बैडमिंटन, पिकल बॉल और बॉक्स क्रिकेट का आनंद भी ले सकेंगे।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि पार्क का नाम O2 (ऑक्सीजन स्पोर्ट्स) रखा गया है। पहले इस जगह पर आर्टिफिशियल वाटर बॉडी थी, जो भूजल की हानि और मच्छरों के कारण बीमारियों का खतरा बनती थी। इसे अब खेल गतिविधियों के लिए उपयोगी बनाया गया है।
स्केटिंग रिंक में विशेष लैंडस्केप, स्लोप और कर्विंग का काम किया गया है, जिसे स्केटर्स ने खूब सराहा। प्राधिकरण की तरफ से दो कोच नियुक्त किए गए हैं जो निःशुल्क प्रशिक्षण देंगे। स्केटिंग की सुविधा सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक खुली रहेगी, जबकि अन्य खेलों के लिए शुल्क तय होगा।

पार्क में उद्घाटन के मौके पर प्रमुख सचिव, आवास और शहरी नियोजन विभाग के अधिकारी, मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत और जिलाधिकारी विशाख समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। फिलहाल पार्क और स्पोर्ट्स एरिया का संचालन एलडीए द्वारा किया जाएगा।






