बिजनेस डेस्क, 27 मार्च 2026:
शुक्रवार को बाजार में बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिला। एक तरफ भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले गिरकर अपने अब तक के सबसे निचले स्तर 94.24 पर पहुंच गया, वहीं दूसरी तरफ सोना और चांदी की कीमतों में तेज उछाल दर्ज हुआ। मुद्रा बाजार के शुरुआती कारोबार में रुपया 28 पैसे टूट गया। इससे साफ दिखा कि विदेशी बाजार के दबाव और बाहर से आ रहे संकेतों का असर सीधे भारतीय करेंसी पर पड़ा है। कारोबार की शुरुआत से ही रुपये पर दबाव बना रहा।
उधर सर्राफा बाजार में सोना-चांदी में जोरदार तेजी देखने को मिली। चांदी की कीमत 5380 रुपये बढ़कर करीब 2.25 लाख रुपये प्रति किलो पहुंच गई। वहीं सोना 1320 रुपये महंगा होकर 1.41 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया। बाजार जानकारों के मुताबिक पश्चिम एशिया के हालात को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच निवेशक सुरक्षित विकल्प की तरफ बढ़े हैं। इसी वजह से बुलियन में खरीदारी तेज हुई और कीमतों में उछाल आया।

वैश्विक बाजार की बात करें तो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सोना और चांदी में हल्की मजबूती दिखी। कॉमेक्स पर सोना करीब 0.33 फीसदी बढ़कर 4423 डॉलर प्रति औंस के आसपास ट्रेड करता दिखा। वहीं चांदी भी हल्की बढ़त के साथ 68 डॉलर प्रति औंस के करीब रही। बताया जा रहा है कि अमेरिका की ओर से ईरान से जुड़े फैसलों में राहत के संकेत मिलने से वैश्विक बाजार में थोड़ी स्थिरता आई, लेकिन निवेशकों का रुझान अभी भी सुरक्षित निवेश की तरफ बना हुआ है।






