विजय पटेल
रायबरेली, 7 अप्रैल, 2026:
मिल एरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक ओवरलोड मौरंग ट्रक ने खनन अधिकारी की सरकारी गाड़ी को टक्कर मार दी। हादसा उस वक्त हुआ जब अधिकारी ट्रक को रोकने की कोशिश कर रहे थे। इस जोरदार टक्कर में खनन अधिकारी बाल-बाल बच गए लेकिन उनका वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस फुटेज के सहारे जांच कर रही है।
मिल एरिया क्षेत्र में घटना शारदा नहर के पास हुई। खनन अधिकारी सुरेश लाखडा इलाके में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने गाड़ी धीमी करने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक सीधे सरकारी वाहन से जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन राहत रही कि अधिकारी को गंभीर चोट नहीं आई।
हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से निकल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के इलाके की घेराबंदी की और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है ताकि ट्रक और चालक की पहचान हो सके। फिलहाल इस मामले में खनन अधिकारी की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस टीम इलाके में ट्रक की तलाश में लगी है।






