Business

शेयर बाजार में उछाल बरकरार…सेंसेक्स 550 अंक चढ़ा, निफ्टी भी मजबूत

अमेरिका-ईरान बातचीत की उम्मीद से बाजार में लौटी रौनक, आईटी और बैंकिंग शेयरों में खरीदारी, वोलैटिलिटी इंडेक्स में गिरावट से बढ़ा भरोसा

बिजनेस डेस्क, 16 अप्रैल 2026:

वैश्विक संकेतों के सहारे गुरुवार को शेयर बाजार की शुरुआत एक बार फिर से मजबूत रही। अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत फिर शुरू होने की उम्मीद ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया, जिसका असर भारतीय बाजार पर भी साफ दिखा।

गुरुवार की सुबह बीएसई सेंसेक्स 536 अंक की बढ़त के साथ 78,647 के आसपास ट्रेड करता दिखा। वहीं निफ्टी 50 भी करीब 153 अंक चढ़कर 24,384 के स्तर पर पहुंच गया। इससे पहले बुधवार को भी बाजार में तेज उछाल देखने को मिला था, जब सेंसेक्स 1200 अंक से ज्यादा बढ़कर बंद हुआ था।

आज के कारोबार में सेंसेक्स के 30 में से 25 शेयर हरे निशान में खुले। इटरनल, इन्फोसिस, ट्रेंट, एलएंडटी, इंडिगो, आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस, बीईएल और एचडीएफसी बैंक में सबसे ज्यादा खरीदारी रही। वहीं हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाइटन, अल्ट्राटेक सीमेंट, रिलायंस इंडस्ट्रीज और कोटक बैंक में हल्की गिरावट दिखी।

रुपया भी डॉलर के मुकाबले थोड़ा मजबूत हुआ और 93.27 के स्तर पर खुला। पिछले सत्र में यह 93.37 पर बंद हुआ था। बाजार में उतार-चढ़ाव का संकेत देने वाला वोलैटिलिटी इंडेक्स करीब 9.5 फीसदी गिरकर 16.83 पर आ गया, जिससे निवेशकों का भरोसा और मजबूत हुआ। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी तेजी रही, जहां दोनों इंडेक्स एक फीसदी के आसपास चढ़े। सेक्टर के हिसाब से रियल्टी, मीडिया और मेटल शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी रही, जबकि ऑयल एंड गैस सेक्टर की चाल थोड़ी धीमी रही।

कच्चे तेल की कीमतों में हल्की नरमी दिखी। ब्रेंट क्रूड 94.82 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई 91.17 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार करता नजर आया। अमेरिकी बाजारों की बात करें तो बुधवार को एसएंडपी और नैसडैक अपने रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुए, जिससे ग्लोबल मार्केट का माहौल सकारात्मक बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button