राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 20 अप्रैल 2026:
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक के लोकसभा में गिरने को लेकर इंडी गठबंधन पर तीखा हमला बोला। प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि यह देश की महिलाओं को राजनीतिक हिस्सेदारी देने का अहम मौका था, जिसे विपक्ष ने गंवा दिया।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आधी आबादी को उनका हक दिलाने के लिए विशेष सत्र बुलाया था, जिस पर देश ही नहीं बल्कि दुनिया की नजर थी। इस दौरान विपक्ष ने मुद्दे को भटकाया और बिल का विरोध किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि विधेयक खारिज होने के बाद इंडी गठबंधन के नेताओं ने मेज थपथपाकर जश्न मनाया, जो महिलाओं के सम्मान के खिलाफ है। उनके मुताबिक यह कदम महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण को झटका देने जैसा है।
सीएम ने कहा कि परिसीमन को लेकर फैलाई जा रही आशंकाएं गलत हैं। यह एक संवैधानिक प्रक्रिया है, इससे किसी राज्य को नुकसान नहीं होता। उन्होंने यह भी कहा कि धर्म के आधार पर आरक्षण की मांग करना तुष्टिकरण की राजनीति को दिखाता है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए धामी ने कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद महिलाओं के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए। अब केवल विरोध की राजनीति की जा रही है।
उन्होंने कहा कि देश के विकास में महिलाओं की भागीदारी जरूरी है। महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और उन्हें रोकना संभव नहीं है। इस दौरान कैंट विधायक सविता कपूर, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, विनोद उनियाल, मधु भट्ट, कमलेश रमन व विद्वान स्वराज मौजूद रहे।






