लखनऊ, 20 अप्रैल 2026:
यूपी में प्रशासनिक मशीनरी को तेज और जवाबदेह बनाने के मकसद से योगी सरकार ने देर रात बड़ी प्रशासनिक ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ करते हुए 40 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस फेरबदल में कई अहम जिलों के डीएम को बदला गया है। ऊर्जा, शिक्षा, एमएसएमई और प्रशासनिक विभागों में भी बड़े स्तर पर पुनर्संरचना की गई है।
प्रमुख बदलावों में उन्नाव के डीएम गौरांग राठी को झांसी का डीएम बनाया गया है जबकि झांसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आलोक यादव को शामली का डीएम नियुक्त किया गया है। शामली के डीएम अरविंद कुमार चौहान अब सहारनपुर के डीएम होंगे। सहारनपुर के डीएम मनीष बंसल को आगरा की कमान सौंपी गई है। आगरा के डीएम अरविंद मल्लप्पा बांगरी को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव बनाया गया है।
सुल्तानपुर में भी बदलाव करते हुए विशेष सचिव ऊर्जा इंद्रजीत सिंह को डीएम बनाया गया है, वहीं सुल्तानपुर के डीएम कुमार हर्ष को बुलंदशहर भेजा गया है। हापुड़-पिलखुआ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नितिन गौड़ को अमरोहा का डीएम बनाया गया है। अमरोहा की डीएम निधि गुप्ता वत्स को फतेहपुर भेजा गया है, जबकि हमीरपुर के डीएम घनश्याम मीणा अब उन्नाव के नए डीएम होंगे।
रायबरेली, लखीमपुर खीरी और मैनपुरी में भी बड़े बदलाव हुए हैं। सरनीत कौर ब्रोका को रायबरेली, अंजनी कुमार सिंह को लखीमपुर खीरी और डॉक्टर इंद्रमणि त्रिपाठी को मैनपुरी का डीएम बनाया गया है। मुख्यमंत्री के विशेष सचिव बृजेश कुमार को औरैया का डीएम नियुक्त किया गया है।
प्रशासनिक ढांचे में ऊपरी स्तर पर भी बड़ा फेरबदल किया गया है। लखीमपुर की डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल को देवीपाटन मंडल का कमिश्नर बनाया गया है, जबकि वहां के कमिश्नर शशि भूषण लाल सुशील को प्रमुख सचिव एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार द्वितीय को इस विभाग के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
ऊर्जा क्षेत्र में भी बड़ा बदलाव करते हुए नीतीश कुमार को उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन का प्रबंध निदेशक बनाया गया है, जबकि बुलंदशहर की डीएम श्रुति को दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम, आगरा का एमडी बनाया गया है। फतेहपुर के डीएम रविंदर सिंह को ऊर्जा विभाग में विशेष सचिव के साथ यूपीनेडा और रिन्यूएबल एवं ईवी इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में भी फेरबदल हुआ है। परिवहन आयुक्त किंजल सिंह को सचिव माध्यमिक शिक्षा बनाया गया है। अनीता वर्मा सिंह को खाद एवं रसद विभाग में विशेष सचिव और नियंत्रक विधिक बाट माप बनाया गया है। हर्षिता माथुर को बाल विकास एवं पुष्टाहार और राज्य पोषण मिशन की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा कई मुख्य विकास अधिकारियों (सीडीओ) और संयुक्त मजिस्ट्रेट स्तर के अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। झांसी, हापुड़, बहराइच, बदायूं और अमेठी सहित कई जिलों में सीडीओ बदले गए हैं, जिससे प्रशासनिक कार्यों में नई ऊर्जा लाने की कोशिश की गई है।
इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को सरकार की ‘परफॉर्मेंस बेस्ड’ रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है, जिसमें फील्ड से लेकर सचिवालय तक अधिकारियों की जिम्मेदारियों को नए सिरे से तय किया गया है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि ये नए चेहरे जिलों और विभागों में कितना असर दिखा पाते हैं।
देखें तबादलों की पूरी लिस्ट…






