Sports

IPL 2026 : सैमसन के शतक से चेन्नई का धमाका… मुंबई 104 पर ढेर, 103 रन से बड़ी जीत

वानखेड़े में पहले बल्लेबाजी कर 207 का स्कोर, फिर गेंदबाजों ने मचाया कहर, इस हार के बाद अंक तालिका में मुंबई नीचे, चेन्नई पांचवें स्थान पर पहुंची

स्पोर्ट्स डेस्क, 24 अप्रैल 2026:

आईपीएल 2026 में वानखेड़े स्टेडियम पर चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 103 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में 207 रन बनाए, जवाब में मुंबई की पूरी टीम 19 ओवर में 104 रन पर सिमट गई।

मैच की सबसे बड़ी झलक संजू सैमसन की पारी रही। उन्होंने 54 गेंदों में नाबाद 101 रन ठोके, जिसमें 10 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। शुरुआत में विकेट गिरने के बाद उन्होंने एक छोर संभाले रखा और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। चेन्नई की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। ऋतुराज गायकवाड़ 22 रन बनाकर आउट हुए, सरफराज खान 14 रन ही जोड़ सके। शिवम दुबे सस्ते में लौटे। डेवाल्ड ब्रेविस ने 21 रन बनाए, जबकि कार्तिक शर्मा 18 और जेमी ओवरटन 15 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद सैमसन ने पारी को संभालते हुए शतक पूरा किया।

WhatsApp Image 2026-04-24 at 7.48.53 AM

208 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की शुरुआत बेहद खराब रही। शुरुआती तीन विकेट सिर्फ 11 रन पर गिर गए। दानिश मालेवार और नमन धीर खाता भी नहीं खोल सके, जबकि क्विंटन डी कॉक 7 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने पारी संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच 73 रन की साझेदारी हुई। तिलक वर्मा 37 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सूर्यकुमार 36 रन ही बना सके। कप्तान हार्दिक पांड्या सिर्फ 1 रन बना पाए। निचले क्रम से भी कोई खास योगदान नहीं मिला और टीम लगातार विकेट गंवाती रही। पूरी मुंबई टीम 104 रन पर सिमट गई।

गेंदबाजी में अकील हुसैन ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 4 ओवर में 17 रन देकर 4 विकेट लिए। नूर अहमद ने 2 विकेट झटके। मुकेश चौधरी, जेमी ओवरटन और गुरजपनीत सिंह को एक-एक विकेट मिला।

WhatsApp Image 2026-04-24 at 7.48.54 AM

इस जीत के साथ चेन्नई ने बड़ा रिकॉर्ड भी बनाया। मुंबई के खिलाफ यह उनकी सबसे बड़ी जीत रही। दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए मुकाबलों में चेन्नई की यह 19वीं जीत है। अंक तालिका में भी बदलाव देखने को मिला। चेन्नई अब पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। टीम के 7 मैच में 6 अंक हो गए हैं और नेट रन रेट +0.118 हो गया। मुंबई 7 मैच में 5 हार के साथ आठवें स्थान पर खिसक गई है, उसका नेट रन रेट -0.736 है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button