Sports

IPL 2026 : KKR ने जीती बाज़ी, एक शॉट से खत्म हुआ खेल, LSG के खाते में एक और हार दर्ज

इकाना में चरम पर दिखा मुकाबले का रोमांच, रिंकू सिंह की तूफानी पारी के बाद सुपरओवर में पहली ही गेंद पर चौका, लखनऊ सिर्फ एक रन बना सकी

स्पोर्ट्स डेस्क, 27 अप्रैल 2026:

मोहसिन खान के पांच विकेट और आखिरी गेंद पर शमी का छक्का भी टीम को जीत नहीं दिला पाया
इकाना स्टेडियम में रविवार रात खेले गए मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने लखनऊ सुपर जाएंट्स (एलएसजी) को सुपरओवर में हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। दोनों टीमें 20 ओवर में 155-155 रन बनाकर बराबरी पर रहीं, जिसके बाद मैच सुपरओवर तक गया।

सुपरओवर में लखनऊ की शुरुआत ही बिगड़ गई। निकोलस पूरन पहली गेंद पर बोल्ड हो गए। ऋषभ पंत एक रन ही जोड़ सके, जबकि एडेन मार्करम बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में कैच दे बैठे। टीम सिर्फ एक रन बना सकी। जवाब में रिंकू सिंह ने पहली ही गेंद पर चौका जड़कर मुकाबला खत्म कर दिया।

WhatsApp Image 2026-04-27 at 7.51.08 AM

इससे पहले केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 155 रन बनाए। टीम की शुरुआत कमजोर रही, लेकिन रिंकू सिंह ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने 50 गेंदों में नाबाद 83 रन बनाए, जिसमें सात चौके और पांच छक्के शामिल रहे। कैमरन ग्रीन ने 34 रन का योगदान दिया। लखनऊ की तरफ से मोहसिन खान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 23 रन देकर पांच विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ की शुरुआत खराब रही। मिचेल मार्श जल्दी आउट हो गए। इसके बाद एडेन मार्करम और ऋषभ पंत ने पारी संभाली। पंत ने 42 और मार्करम ने 31 रन बनाए। आयुष बदोनी ने 24 रन जोड़े, लेकिन टीम बीच-बीच में विकेट गंवाती रही।

आखिरी ओवर में लखनऊ को 17 रन चाहिए थे। मोहम्मद शमी ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर मैच टाई करा दिया और मुकाबला सुपरओवर में पहुंचा दिया। शमी ने छह गेंदों में 11 रन बनाए। केकेआर की पारी के दौरान एक विवाद भी सामने आया। अंगकृष रघुवंशी को फील्डिंग में बाधा डालने के कारण आउट दिया गया।

रन लेते समय गेंद उनके पैर से टकराई, जिसके बाद अंपायर ने उन्हें आउट करार दिया। इस फैसले से केकेआर के खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ नाराज नजर आए। इस हार के बाद लखनऊ की टीम लगातार पांचवीं बार हारी और अंक तालिका में आखिरी स्थान पर पहुंच गई। वहीं केकेआर को इस जीत से राहत मिली।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button