न्यूज डेस्क, 13 जून 2026:
महिला टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत मेजबान इंग्लैंड ने ऐतिहासिक अंदाज में की है। बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेले गए टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में इंग्लैंड ने श्रीलंका को 87 रन से करारी शिकस्त देते हुए जीत दर्ज करने के साथ कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम किए। इस मुकाबले की सबसे बड़ी स्टार रहीं डैनी वॉट हॉग। उन्होंने तूफानी शतक जड़कर विश्व कप अभियान का आगाज यादगार बना दिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने निर्धारित 20 ओवर में केवल एक विकेट खोकर 219 रन बनाए। यह महिला टी20 विश्व कप के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले यह रिकॉर्ड भी इंग्लैंड के नाम था। उसने 2023 में पाकिस्तान के खिलाफ 213 रन बनाए थे। इंग्लैंड को एमी जोन्स और डैनी वॉट ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 13.4 ओवर में 135 रन जोड़कर श्रीलंकाई गेंदबाजों को पूरी तरह दबाव में ला दिया।
एमी जोन्स ने 38 गेंदों पर 53 रन बनाए लेकिन उनके आउट होने के बाद भी वॉट का आक्रमण जारी रहा। वॉट ने 62 गेंदों पर नाबाद 105 रन की विस्फोटक पारी खेली जिसमें 13 चौके और एक छक्का शामिल रहा। उनका स्ट्राइक रेट 169 से अधिक रहा। कप्तान नैट साइवर-ब्रंट ने भी 22 गेंदों पर नाबाद 46 रन ठोककर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।

220 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम कभी मुकाबले में नजर नहीं आई। नीलाक्षी डी सिल्वा ने सर्वाधिक 39 रन और हर्षिता समरविक्रमा ने 29 रन बनाए लेकिन पूरी टीम 132 रन पर सिमट गई। वॉट की शतकीय पारी कई रिकॉर्ड लेकर आई। वह महिला टी20 विश्व कप में इंग्लैंड की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाली तीसरी बल्लेबाज बन गई हैं।
उन्होंने सारा टेलर के 541 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए अपने कुल रन 593 तक पहुंचा दिए। यह महिला टी20 विश्व कप इतिहास की चौथी और इंग्लैंड की दूसरी सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी भी रही। इसके अलावा वॉट अब विश्व कप इतिहास में संयुक्त रूप से दूसरी सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली बल्लेबाज बन गई हैं। उनके नाम अब तीन टी20 विश्व कप शतक दर्ज हैं।
गेंदबाजी में इंग्लैंड की युवा खिलाड़ी फ्रेया केम्प ने डेब्यू मैच को यादगार बना दिया। उन्होंने मात्र 22 रन देकर चार विकेट झटके और टी20 विश्व कप पदार्पण मैच में चार विकेट लेने वाली तीसरी गेंदबाज बनीं। सोफी एक्लेस्टोन और चार्ली डीन ने दो-दो विकेट लिए, जबकि लॉरेन बेल और लिन्से स्मिथ को एक-एक सफलता मिली।

यह मुकाबला रिकॉर्डों से भरपूर रहा। दोनों टीमों ने मिलकर 351 रन बनाए। ये महिला टी20 विश्व कप इतिहास में दोनों पारियों का दूसरा सबसे बड़ा संयुक्त स्कोर है। इंग्लैंड ने इस धमाकेदार जीत के साथ स्पष्ट संकेत दे दिया है कि वह घरेलू परिस्थितियों में खिताब की सबसे मजबूत दावेदारों में शामिल है।






