लखनऊ, 1 मई 2026:
राजधानी के गांधी भवन में शुक्रवार को कांग्रेस का प्रदेश स्तरीय शिक्षक और चिकित्सक सम्मेलन आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत दीप जलाकर की गई, जहां शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई।
बुद्ध पूर्णिमा व मजदूर दिवस के अवसर पर हुए इस आयोजन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए शिक्षकों और डॉक्टरों ने मौजूदा हालात, कामकाज की चुनौतियों और सुधार के रास्तों पर अपने विचार रखे। बातचीत में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर फोकस रहा। वक्ताओं ने राष्ट्र के निर्माता शिक्षकों और जीवन रक्षक चिकित्सकों के साथ मिलकर एक न्यायप्रिय और समृद्ध प्रदेश के संकल्प को दोहराया। इस दौरान कहा गया कि उत्तर प्रदेश के भविष्य की नींव इन्हीं मजबूत स्तंभों पर टिकी है

सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और प्रभारी अविनाश पांडे और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का संविधान के प्रतीक सिंह स्तंभ भेंट कर स्वागत किया गया। इस दौरान सांसद तनुज पुनिया, सुप्रिया श्रीनेत, पूर्व सांसद रवि वर्मा, मोईद अहमद और सदल प्रसाद भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के संयोजन में शिक्षक प्रकोष्ठ के चेयरपर्सन अमित कुमार राय और चिकित्सा प्रकोष्ठ के चेयरमैन आजाद बेग की भूमिका रही। वहीं सोशल मीडिया विभाग की चेयरपर्सन शालिनी सिंह, मीडिया विभाग के वाइस चेयरपर्सन मनीष हिन्दवी और महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर अनामिका यादव ने आयोजन में सहयोग किया।






