न्यूज डेस्क, 4 मई 2026:
देश के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में जारी मतगणना के बीच तमिलनाडु से चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। शुरुआती रुझानों ने राज्य की दशकों पुरानी राजनीति को हिला दिया है। अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कड़गम (टीवीके) ने बड़ा उलटफेर करते हुए 234 सीटों में से 104 सीटों पर बढ़त बना ली है और नंबर-1 बनकर उभरी है।
सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) 63 सीटों पर सिमटती दिख रही है, जबकि विपक्षी एआईएडीएमके 67 सीटों पर बढ़त के साथ डीएमके से आगे निकल गई है। सबसे बड़ा झटका मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को लगता दिख रहा है। वे अपनी पारंपरिक कोलाथुर सीट से पीछे चल रहे हैं।

विजय को उनके फैंस ‘थलपति’ के नाम से जानते हैं। वे पेरांबुर सीट से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी आरडी शेखर पर करीब तीन हजार वोटों की बढ़त बनाए हुए हैं। फिल्मों में सुपरस्टार का दर्जा हासिल करने वाले विजय ने महज दो साल पहले राजनीति में कदम रखा था लेकिन अब वे तमिलनाडु की सत्ता के केंद्र में नजर आ रहे हैं।
राज्य की राजनीति में पिछले 49 वर्षों से डीएमके और एआईएडीएमके का ही दबदबा रहा है। सत्ता इन्हीं दो द्रविड़ दलों के बीच घूमती रही लेकिन इस बार जनता ने तीसरा विकल्प चुनने के संकेत दिए हैं। विजय की रैलियों में उमड़ी भारी भीड़ अब वोटों में बदलती दिखाई दे रही है।
विशेषज्ञ मानते हैं कि परिवारवाद, भ्रष्टाचार और पुराने चुनावी वादों से ऊब चुकी जनता खासतौर पर युवा और महिलाएं अब बदलाव के मूड में हैं। यही कारण है कि टीवीके को अप्रत्याशित समर्थन मिल रहा है।
एग्जिट पोल में अच्छे प्रदर्शन के संकेत जरूर थे लेकिन इस तरह की ‘थलपति सुनामी’ की उम्मीद किसी को नहीं थी। फिलहाल रुझान साफ इशारा कर रहे हैं कि तमिलनाडु की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत हो सकती है। सिनेमा का हीरो अब असल सत्ता का भी सबसे बड़ा दावेदार बन चुका है।






