Barabanki City

गैस न मिलने पर सिलेंडर लेकर सड़क पर लेटा युवक…थमा ट्रैफिक, पुलिस ने मनाया

50 दिन से ज्यादा इंतजार के बाद एजेंसी पहुंचा था युवक, मोबाइल पर कोड न आने से सिलेंडर नहीं मिला तो बदोसराय-सफदरगंज मार्ग पर बीच सड़क शुरू किया विरोध, एजेंसी संचालक ने दी सफाई

बाराबंकी, 10 मई 2026:

बाराबंकी के सफदरगंज क्षेत्र के सैदनपुर में शनिवार को गैस सिलेंडर न मिलने से नाराज एक युवक खाली सिलेंडर लेकर बीच सड़क पर लेट गया। उसके विरोध के चलते बदोसराय-सफदरगंज मार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात रुक गया और राहगीरों की भीड़ जुट गई।

सैदनपुर निवासी सोनू रावत कई दिन से सैदनपुर इंडेन सर्विस पर गैस लेने के लिए चक्कर लगा रहा था। शनिवार को काफी देर इंतजार के बाद भी सिलेंडर न मिलने पर वह नाराज हो गया। विरोध जताने के लिए वह अपना खाली सिलेंडर लेकर सड़क के बीच लेट गया। सड़क पर सिलेंडर रखकर किए गए इस प्रदर्शन से हादसे की आशंका भी बन गई थी।

सोनू रावत का आरोप है कि उसने गैस बुकिंग करीब 28 दिन पहले कराई थी, लेकिन एजेंसी पर उसे बताया गया कि सिलेंडर 45 दिन बाद मिलेगा। उसका कहना है कि इसके बाद बुकिंग को 50 दिन से ज्यादा हो गए, फिर भी गैस नहीं दी गई। उसने यह भी आरोप लगाया कि एजेंसी कर्मियों ने उसका मोबाइल और पैसे जमा करा लिए और तकनीकी दिक्कत बताकर सिलेंडर देने से इनकार कर दिया।

ये भी पढ़ें:

सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को सड़क से हटाया और समझाकर शांत कराया। पुलिस के मुताबिक तकनीकी कारणों से युवक के मोबाइल पर डीएससी कोड नहीं आ रहा था। इसी बात से नाराज होकर उसने सड़क पर लेटकर विरोध किया। एजेंसी संचालक के मुताबिक उपभोक्ता के मोबाइल पर कोड भेजा गया था, लेकिन वह रिसीव नहीं हो रहा था। उनके मुताबिक एजेंसी में ज्यादातर गैस होम डिलीवरी के जरिए भेजी जाती है, लेकिन जो उपभोक्ता सीधे एजेंसी पहुंचते हैं, उन्हें भी नियम के अनुसार सिलेंडर दिया जाता है।

Advertisement

READ MORE

ये भी पढ़ें  ताश के पत्तों की तरह गिरी दिल्ली एयरपोर्ट की छत, कांग्रेस ने वीडियो शेयर कर सरकार को घेरा - देखें VIDEO

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link