न्यूज डेस्क, 11 मई 2026:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को गुजरात के गिर सोमनाथ जिले स्थित सोमनाथ मंदिर पहुंचे जहां उन्होंने मंदिर की पुनर्स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने पर आयोजित ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ में हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर पूरे प्रभास पाटन शहर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर और जयकारे लगाकर उनका स्वागत किया।
रोड शो में उमड़ी भारी भीड़
प्रधानमंत्री मोदी ने मंदिर पहुंचने से पहले शहर में रोड शो किया। हेलिपैड से वीर हमीरजी सर्कल तक करीब 1.5 किलोमीटर लंबे मार्ग पर हजारों लोग दोनों ओर खड़े नजर आए लोगों ने हाथों में तिरंगा और भाजपा के झंडे लेकर प्रधानमंत्री का अभिवादन किया। कई स्थानीय लोग पारंपरिक वेशभूषा में दिखाई दिए। सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए।

मंदिर में की विशेष पूजा-अर्चना
सोमनाथ मंदिर पहुंचकर प्रधानमंत्री ने भगवान शिव के ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने विशेष महापूजा, अभिषेक और ध्वजारोहण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के बीच पूजा संपन्न हुई जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूब गया।
सरदार पटेल को दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री ने इस दौरान सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर भारत की आस्था, आत्मसम्मान और पुनर्निर्माण की भावना का जीवंत प्रतीक है। इतिहास में कई बार आक्रमण झेलने के बावजूद देशवासियों की श्रद्धा ने मंदिर के अस्तित्व को टूटने नहीं दिया।

जारी किया स्मारक सिक्का और डाक टिकट
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, पीएम मोदी ने इस अवसर पर सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने पर स्मारक डाक टिकट और स्मारक सिक्का भी जारी किया। इसे देश की सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने की पहल माना जा रहा है।
सूर्य किरण एरोबिक टीम ने दिखाए हैरतअंगेज हवाई करतब
कार्यक्रम का एक बड़ा आकर्षण भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एरोबेटिक टीम का हवाई प्रदर्शन रहा। छह हॉक एमके-132 विमानों ने मंदिर के ऊपर हवाई करतब दिखाकर श्रद्धालुओं और दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

भव्य सजावट से जगमगाया मंदिर
सोमनाथ मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया है। राष्ट्रीय ध्वज, रंग-बिरंगी रोशनी और पुष्प सज्जा से पूरे क्षेत्र को भव्य रूप दिया गया वहीं देशभर से आए कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पारंपरिक नृत्यों के जरिए आयोजन में रंग भर दिए।
भारत के 12 ज्योतिर्लिंगों में शामिल सोमनाथ मंदिर को भारतीय आस्था, संस्कृति और पुनर्निर्माण का प्रतीक माना जाता है। मंदिर की पुनर्स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में देशभर से श्रद्धालु और साधु-संत पहुंचे।






