स्पोर्ट्स डेस्क, 12 मई 2026:
आईपीएल 2026 के बेहद रोमांचक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को तीन विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा। 211 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने 19 ओवर में सात विकेट पर 216 रन बना डाले। यह आईपीएल इतिहास में दिल्ली का दूसरा सबसे बड़ा सफल रनचेज है।
धर्मशाला में खेले गए इस मैच में टॉस हारकर पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 210 रन बनाए। प्रियांश आर्या ने 33 गेंदों पर 56 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर 36 गेंदों पर 59 रन बनाकर नाबाद लौटे। कूपर कोनोली ने 38 रन और शशांक सिंह ने आठ गेंदों पर 21 रन की तेज पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

पंजाब की शुरुआत शानदार रही। प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या ने पहले विकेट के लिए 78 रन जोड़े। हालांकि शुरुआती जोड़ी के आउट होने के बाद श्रेयस अय्यर ने पारी को संभाला और अंत तक टिके रहे।
दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने 33 रन तक तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद ट्रिस्टन स्टब्स और कप्तान अक्षर पटेल ने पारी को संभालने की कोशिश की। स्टब्स ज्यादा देर नहीं टिक सके, लेकिन अक्षर ने डेविड मिलर के साथ मिलकर मैच को पूरी तरह दिल्ली की तरफ मोड़ दिया।
अक्षर पटेल ने सिर्फ 30 गेंदों पर आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से 56 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद डेविड मिलर ने आक्रामक तेवर अपनाए और 28 गेंदों पर 51 रन ठोक दिए। आशुतोष शर्मा ने 10 गेंदों पर 24 रन बनाकर जीत की औपचारिकता पूरी कर दी।

दिल्ली के लिए मिचेल स्टार्क और माधव तिवारी ने दो-दो विकेट लिए, जबकि मुकेश कुमार को एक सफलता मिली। पंजाब की ओर से अर्शदीप सिंह और यश ठाकुर ने दो-दो विकेट झटके। इस हार के साथ पंजाब किंग्स के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। पंजाब आईपीएल की पहली ऐसी टीम बन गई है जिसने 200 से अधिक रन बनाने के बावजूद सबसे ज्यादा नौ मैच गंवाए हैं।
अंक तालिका में दिल्ली कैपिटल्स 12 मैचों में पांच जीत के साथ 10 अंक लेकर सातवें स्थान पर पहुंच गई है। टीम का नेट रन रेट -0.993 है और प्लेऑफ की उम्मीदें अब भी कायम हैं। वहीं पंजाब किंग्स 13 अंकों के साथ चौथे स्थान पर बनी हुई है।






