Uttar Pradesh

SP सांसद अजेंद्र लोधी पर कसा शिकंजा, हुई FIR… PM मोदी पर इस बयान ने बढ़ाई परेशानी

महोबा में प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री के बारे में की थी आपत्तिजनक टिप्पणी, सीएम योगी बोले- लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर गंभीर आघात, भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश

लखनऊ/महोबा, 12 मई 2026:

यूपी के बुंदेलखंड की हमीरपुर-महोबा-तिंदवारी लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी, पीएम मोदी के खिलाफ विवादित बयान देकर बड़े राजनीतिक विवाद में घिर गए हैं। प्रधानमंत्री पर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया है। सीएम योगी की नाराजगी सामने आने के बाद सांसद के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।

दरअसल, सोमवार को महोबा कलेक्ट्रेट परिसर में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता बिजली कटौती, पेयजल संकट, स्मार्ट मीटर की गड़बड़ियों और फसल बीमा घोटाले समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान मीडिया से बातचीत में सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए उनके बारे आपत्तिजनक बात कह दी। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रधानमंत्री न पहले कभी हुआ और न आगे होगा। सांसद की इस टिप्पणी का वीडियो सामने आते ही राजनीतिक माहौल गरमा गया।

WhatsApp Image 2026-05-12 at 11.33.56 AM

भाजपा ने इसे प्रधानमंत्री पद और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का अपमान बताते हुए कड़ा विरोध शुरू कर दिया। महोबा शहर के आल्हा चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए सांसद का पुतला फूंका और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।

सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने अपने बयान के दौरान सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर बिजली न होने पर भी चलते रहते हैं। इसके साथ ही उन्होंने जिले में फसल बीमा घोटाले, विद्यालय बंद होने, बंगाल की स्थिति और ईवीएम की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।

इस मामले का संज्ञान लेते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर सपा सांसद की टिप्पणी की कड़ी निंदा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई असंसदीय टिप्पणी अशोभनीय, अक्षम्य और लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर गंभीर आघात है।

उन्होंने इसे राजनीतिक कुसंस्कार, वैचारिक दिवालियापन और 145 करोड़ देशवासियों के जनादेश का अपमान बताया। हालांकि बढ़ते विरोध और मुकदमे की कार्रवाई के बावजूद सपा सांसद के तेवर नरम नहीं पड़े हैं। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि विरोधी जो करना चाहें करें, वे डरने वाले नहीं हैं और सच बोलते रहेंगे।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button