विकास गोंड
वाराणसी, 12 मई 2026:
सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और स्वामी विवेकानंद के खिलाफ अभद्र व अपमानजनक वीडियो व टिप्पणी को लेकर मामला गरमा गया है। इसको लेकर हिंदूवादी संगठन में नाराजगी है। इस मामले में तहरीर देकर एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।
राष्ट्रवादी हिन्दू शक्ति वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता ने 12 मई को चेतगंज थाने में तहरीर दी। इसमें आरोप लगाया गया है कि ओम प्रकाश सिंह बैरिया नामक व्यक्ति सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर खुद को ‘भीम आर्मी वाराणसी अध्यक्ष’ बताते हुए लगातार विवादित और भड़काऊ पोस्ट साझा कर रहा है।
उनका कहना है कि उक्त पोस्ट में न सिर्फ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर अभद्र टिप्पणी की गई, बल्कि स्वामी विवेकानंद के प्रति भी अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है। तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित ऐसे पोस्ट समाज में वैमनस्य फैलाने और धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने का कार्य कर रहे हैं।
प्रदीप कुमार गुप्ता ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। संगठन के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन कारी अशोभनीय वीडियो के स्क्रीन शॉट की तस्वीर साथ लेकर आए थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।






