Barabanki City

खाली हाथ लौट रहे थे उपभोक्ता… गैस एजेंसी पर एक्शन, स्टॉक में मिला खेल, FIR दर्ज

बुढ़वल स्थित लोधेश्वर इंडेन ग्रामीण वितरक के लाइसेंसी मनीराम के खिलाफ एफआईआर दर्ज, शादी के लिए व उज्ज्वला योजना के लाभार्थी लगाते रहे चक्कर, जांच में स्टॉक में भारी गड़बड़ी, रिकॉर्ड गायब और दर्जनों उपभोक्ताओं की शिकायतें सही मिलीं

बाराबंकी, 14 मई 2026:

रामनगर तहसील क्षेत्र के बुढ़वल स्थित लोधेश्वर इंडेन ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी पर बड़ी अनियमितता सामने आने के बाद प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। जांच में 78 भरे घरेलू गैस सिलेंडर समेत विभिन्न श्रेणियों के कई सिलेंडर स्टॉक से कम पाए गए। इसके बाद एजेंसी के लाइसेंसधारी मनीराम के खिलाफ कोतवाली रामनगर में एफआईआर दर्ज कराई गई है

बता दें कि मंगलवार को पूरे किंहौली निवासी माया देवी, बड़नपुर निवासी विद्युत और नामीपुर सिरौली निवासी मीना देवी समेत कई उपभोक्ताओं ने एसडीएम रामनगर से शिकायत की थी कि एजेंसी संचालक गैस सिलिंडर नहीं दे रहा है। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि बार-बार चक्कर लगाने के बाद भी उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता। शिवमोहन ने एसडीएम से शिकायत कर बताया था कि भतीजी की शादी के लिए सिलिंडर नहीं मिला। यही नहीं रिंकीं मिश्रा को उज्ज्वला गैस योजना में 14 अप्रैल की बुकिंग के बावजूद सिलेंडर नहीं मिला।

डीएम ने खुद इसका संज्ञान लिया और पूर्ति निरीक्षक अनुज कुमार सिंह को जांच के निर्देश दिए। जांच में मौके पर कई उपभोक्ताओं के बयान दर्ज किए गए। रजनीश तिवारी, सिराज, साबिर अली समेत अन्य लोगों ने लिखित रूप से बताया कि कई सप्ताह पहले बुकिंग कराने के बावजूद उन्हें घरेलू गैस सिलेंडर नहीं मिला।

जांच के दौरान एजेंसी संचालक मनीराम से स्टॉक और वितरण से जुड़े रिकॉर्ड मांगे गए, लेकिन वह घरेलू गैस रिफिल के निर्गमन का कोई मूवमेंट रजिस्टर, दैनिक बिक्री रजिस्टर या कंप्यूटर रिकॉर्ड नहीं दिखा सके। डोर स्टेप डिलीवरी से जुड़े कर्मचारियों की वर्दी, परिचय पत्र और संबंधित रजिस्टर के बारे में भी संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।

सत्यापन में 14.2 किलोग्राम के 78 भरे घरेलू सिलेंडर, 30 खाली घरेलू सिलेंडर, 21 खाली कमर्शियल सिलेंडर, 14 छोटे कमर्शियल सिलेंडर, 9 भरे पांच किलोग्राम घरेलू सिलेंडर समेत कई अन्य सिलेंडर स्टॉक से कम पाए गए। कुछ डिफेक्टिव सिलेंडरों की संख्या रिकॉर्ड से अधिक मिली। जांच में यह भी पता चला कि इंडियन ऑयल के एलपीजी बिक्री प्रबंधक अजय यादव की 27 अप्रैल 2026 की रिपोर्ट में भी इसी एजेंसी के स्टॉक में कमी पाई गई थी। इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। पूर्ति निरीक्षक ने कहा है कि एजेंसी द्वारा गाइडलाइंस का खुला उल्लंघन किया गया।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button