Hardoi City

‘इंस्टा लव’ के बाद आई बारात, दुल्हन ने कहा… यह मेरा राहुल नहीं, दूल्हा व बारातियों की हुई धुनाई

दो महीने तक इंस्टाग्राम पर वीडियो कॉल और शादी के वादों के बाद मध्य प्रदेश से हरदोई पहुंची बारात, जयमाल से पहले दुल्हन ने दूल्हे को पहचानने से कर दिया इंकार, पिटाई में घायल हुए बराती व खुद दूल्हा, केस दर्ज, छह गिरफ्तार

नितेश चंद्र शुक्ला

हरदोई, 14 मई 2026:

हरदोई के शाहाबाद कस्बे में इंस्टाग्राम पर शुरू हुई मोहब्बत उस वक्त बवाल में बदल गई, जब शादी के लिए पहुंची बरात को दुल्हन ने यह कहकर ठुकरा दिया कि सामने बैठा युवक वह नहीं है जिससे वह महीनों से वीडियो कॉल पर बात करती थी। इसके बाद दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। दूल्हा घायल हो गया, कई बारातियों को चोटें आईं और आधा दर्जन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

शाहाबाद के मोहल्ला भुड़िया की रहने वाली युवती की करीब दो महीने पहले इंस्टाग्राम पर मध्य प्रदेश के एक युवक से पहचान हुई थी। बातचीत बढ़ी तो रिश्ता शादी तक पहुंच गया। युवती के मुताबिक युवक ने अपना नाम राहुल मिश्रा निवासी भोपाल बताया। दोनों के बीच लगातार वीडियो कॉल होती रही और शादी की तैयारी शुरू कर दी गई।

ये भी पढ़ें:

WhatsApp Image 2026-05-14 at 3.08.46 PM

तय कार्यक्रम के अनुसार मध्य प्रदेश से बारात शाहाबाद पहुंची। बारातियों का स्वागत किया गया, होटल में उनके ठहरने और नाश्ते का इंतजाम हुआ। देर शाम ढोल-नगाड़ों के साथ बारात लड़की के घर पहुंची और जयमाल की तैयारी होने लगी। इसी दौरान दुल्हन ने दूल्हे को देखा तो चौंक गई। उसने परिवार से कहा कि यह वो युवक नहीं है जिससे उसकी सोशल मीडिया पर बात होती थी। युवती का कहना था कि वह राहुल नाम के युवक को जानती थी, जबकि सामने मौजूद व्यक्ति की पहचान देवेंद्र सिंह परिहार के रूप में हुई।

इतना सुनते ही माहौल बदल गया। दोनों पक्षों में बहस शुरू हुई और देखते ही देखते हाथापाई होने लगी। आरोप है कि दूल्हे और बारातियों की लाठी, डंडों और बेल्ट से पिटाई कर दी गई। शादी की खुशियां अफरा-तफरी में बदल गईं और बारात में भगदड़ जैसे हालात बन गए। शाहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बारातियों को सुरक्षित निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। दूल्हे देवेंद्र सिंह का इलाज कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत स्थिर है।

युवती ने आरोप लगाया कि युवक ने अपनी पहचान छिपाकर उससे शादी का वादा किया और बातचीत के दौरान उससे बड़ी रकम भी ले ली। पुलिस इस आरोप की भी जांच कर रही है। युवती की तहरीर पर नौ नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के रहने वाले छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी से पूछताछ की जा रही है।

READ MORE 

ये भी पढ़ें  वंदे भारत एक्सप्रेस पर हरदोई में पथराव...RSS प्रमुख मोहन भागवत सुरक्षित

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link