Unnao City

हाईवे पर कूड़े के ढेर में मिली अधजली लाश… ARTO ऑफिस के सामने फेंका महिला का शव

निचला हिस्सा बुरी तरह जला मिला, शरीर पर चोट के निशान भी मिले, पुलिस हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए शव जलाए जाने की आशंका पर कर रही जांच

प्रमोद पासी

उन्नाव, 18 मई 2026:

उन्नाव के सदर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह लखनऊ-कानपुर हाईवे पर ARTO ऑफिस के सामने कूड़े के ढेर में एक महिला का अधजला शव मिला। व्यस्त हाईवे किनारे शव मिलने की खबर से इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

राहगीरों के मुताबिक सुबह करीब आठ बजे कूड़े के ढेर से धुआं उठता दिखा। पास जाकर देखा गया तो उसके भीतर एक महिला का शव पड़ा था। शव का निचला हिस्सा बुरी तरह जल चुका था। सूचना मिलते ही डायल 112 और सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई।

ये भी पढ़ें:

पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। मृतका की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच लग रही है। शव लगभग 40 फीसदी तक जल गया था। महिला के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। शुरुआती जांच में आशंका है कि हत्या के बाद पहचान मिटाने के इरादे से शव को यहां लाकर जलाने की कोशिश की गई।

फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के जिलों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है। साथ ही ARTO ऑफिस और हाईवे पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह और समय को लेकर तस्वीर साफ होने की उम्मीद है। पुलिस हत्या, शव को यहां लाकर फेंके जाने और दूसरे संभावित पहलुओं पर एक साथ पड़ताल कर रही है।

ये भी पढ़ें  ग्रह-नक्षत्रों का असर... कहीं आधी रात जली होली, आज भी होगा दहन मगर रंग खेलने का दिन अटल

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link