Unnao City

गंगा नहाने गई थी टोली…गहरे पानी मे समाए दो दोस्त, तीन की जान बची, देर रात मिले शव

जालिमखेड़ा से पांच दोस्त गंगा नहाने पहुंचे थे, चंदन घाट पर ग्रामीणों की सतर्कता से तीन की जान बची, घंटों चला सर्च ऑपरेशन, दोनों परिवारों में कोहराम, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

प्रमोद पासी

उन्नाव, 7 मई 2026:

गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के जाजमऊ चौकी अंतर्गत चंदन घाट पर बुधवार शाम गंगा स्नान के दौरान दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। देर रात पुलिस और गोताखोरों की मदद से दोनों युवकों के शव नदी से बाहर निकाले गए।

जालिमखेड़ा, थाना अचलगंज निवासी पांच दोस्त बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे गंगा स्नान के लिए चंदन घाट पहुंचे थे। इनमें आशीष गुप्ता, अजीत उर्फ सक्षम, मयंक उर्फ विमल, जीतू शर्मा उर्फ सचिन निवासी झींझक, मंगलपुर कानपुर देहात और एक अन्य युवक शामिल था।

ये भी पढ़ें:

WhatsApp Image 2026-05-07 at 8.16.58 AM

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्नान के दौरान जीतू शर्मा (22) और आशीष गुप्ता (20) अचानक गहरे पानी की तरफ चले गए। तेज बहाव में दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे डूबने लगे। साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाया तो घाट पर मौजूद लोगों ने रस्सी और बांस की मदद से बाकी तीन युवकों को बाहर निकाल लिया, लेकिन जीतू और आशीष पानी में लापता हो गए।

सूचना मिलते ही गंगाघाट पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों के साथ सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया। काफी मशक्कत के बाद शाम करीब सात बजे जीतू शर्मा का शव बरामद कर लिया गया। वहीं आशीष गुप्ता का शव देर रात करीब दस बजे नदी से बाहर निकाला गया। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही दोनों युवकों के परिजन और गांव के लोग बड़ी संख्या में चंदन घाट पहुंच गए। शव देखते ही परिवार के लोग बेसुध हो गए। गांव में मातम पसरा है।

WhatsApp Image 2026-05-07 at 8.16.59 AM

स्थानीय लोगों ने घाट पर सुरक्षा इंतजामों की कमी को लेकर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि चंदन घाट पर न बैरिकेडिंग है, न चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही स्थायी गोताखोर तैनात रहते हैं। गर्मी में रोज बड़ी संख्या में लोग यहां स्नान करने आते हैं, लेकिन सुरक्षा के इंतजाम नाकाफी हैं।

ये भी पढ़ें  दवा लेने निकला था किशोर, बिना दाढ़ी-बाल मिला शव, फोन व चप्पल लापता, हत्या की पहेली उलझी

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button