अनिल निषाद
अयोध्या, 19 मई 2026:
अयोध्या के बीकापुर कोतवाली क्षेत्र में मिले अभिषेक दुबे उर्फ रिंकी मिश्रा के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में पता चला कि किन्नर समुदाय में अभिषेक के बढ़ते प्रभाव और रुतबे से जलन रखने वाले साथियों ने ही मिलकर उसकी हत्या की थी।
अभिषेक दुबे उर्फ रिंकी मिश्रा किन्नर के रूप में शादी-विवाह और अन्य मांगलिक कार्यक्रमों में नेग मांगने का काम करता था। 10 मई को उसने अपना जन्मदिन बड़े पैमाने पर मनाया था, जिसमें करीब एक हजार लोग शामिल हुए थे। इसी कार्यक्रम के बाद उसके बढ़ते रुतबे को लेकर साथियों में रंजिश और गहरी हो गई।
पता चला कि सरायखर्गी निवासी अंशू मौर्य, नारायणपुर बाजार बस्ती निवासी नताशा किन्नर और हथिगो निवासी विजय ढोलकिया ने मिलकर अभिषेक के साथ पहले मारपीट की और उसे बीकापुर क्षेत्र के विट्ठलपुर गांव के पास फेंक दिया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। 14 मई को उसका शव बरामद हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मंगलवार सुबह ग्राम नुवावा के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल एक कैंची, दो डंडे, ईको कार, बाइक व जेवरात बरामद किए। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी अंशू मौर्य के खिलाफ पहले से मारपीट और धमकी का मुकदमा दर्ज है।






