Barabanki City

बिजली गुल हुई तो घर के बाहर सो गया परिवार… बेकाबू डंपर ने पिता व तीन बच्चों की ली जान

हादसे में मां गंभीर घायल, लोहिया हॉस्पिटल लखनऊ रेफर, डंपर पहले पेड़ से टकराया, फिर चारपाई पर सो रहे परिवार को रौंदता चला गया, पेशे से ड्राइवर नीरज का पूरा घर उजड़ा, गांव में मातम

बाराबंकी, 23 मई 2026:

बाराबंकी के फतेहपुर-महमूदाबाद मार्ग पर शनिवार देर रात झांसा गांव में तेज रफ्तार डंपर सड़क किनारे सो रहे एक परिवार पर चढ़ गया। हादसे में पिता समेत तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है।

गांव निवासी 35 वर्षीय नीरज गर्मी और बिजली कटौती की वजह से पत्नी आरती और तीन बच्चों के साथ घर के बाहर चारपाई डालकर सो रहा था। देर रात तेज रफ्तार डंपर अचानक अनियंत्रित हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डंपर पहले सड़क किनारे पेड़ से टकराया, उसके बाद सीधे परिवार के ऊपर चढ़ गया।

हादसा इतना भीषण था कि नीरज और उसके 13 वर्षीय बेटे अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 10 वर्षीय अंशिका और छह वर्षीय आंशू ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायल आरती की हालत नाजुक बताई जा रही है। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान भेजा गया है।

ये भी पढ़ें:

स्थानीय लोगों के मुताबिक नीरज किराये की मैजिक गाड़ी चलाकर परिवार का गुजारा करता था। मेहनत-मजदूरी से बच्चों की परवरिश कर रहे परिवार पर एक झटके में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे के बाद गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

READ MORE

ये भी पढ़ें  बाराबंकी : जर्जर संजय सेतु बना खतरा, सरयू पर 144 पीपों से बनेगा अस्थायी पुल

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button