Barabanki City

Barabanki : महादेवा दर्शन को निकले थे 3 दोस्त, घर लौटीं दो की अर्थी, एंबुलेंस में देरी पर भड़के परिजन

फतेहपुर-सूरतगंज मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, एक युवक गंभीर घायल, सीएचसी में एंबुलेंस देर से पहुंचने का आरोप, पुलिस वाहन से भेजने के बावजूद रास्ते में हुई दूसरी मौत

बाराबंकी, 10 अगस्त 2026:

सावन में लोधेश्वर महादेवा के दर्शन के लिए निकले तीन दोस्तों का सफर हादसे का शिकार हो गया। रविवार रात फतेहपुर-सूरतगंज मार्ग पर दादनपुर गांव के पास उनकी बाइक आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल है। घायल को रेफर किए जाने के बाद एंबुलेंस देर से पहुंचने के आरोप में परिजनों ने सीएचसी परिसर में हंगामा किया।

दादनपुर के पास ट्रैक्टर ट्रॉली में टकराई बाइक

फतेहपुर कस्बे के जोशी टोला निवासी शैलेंद्र उर्फ हेमल जोशी (22), शक्तिमान जोशी (19) और सचिन जोशी (21) रविवार रात बाइक से लोधेश्वर महादेवा के दर्शन के लिए निकले थे। दादनपुर चौराहे से आगे उनकी बाइक सड़क पर चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी और तीनों को सीएचसी फतेहपुर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने शैलेंद्र को मृत घोषित कर दिया। शक्तिमान की हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि सचिन का इलाज जारी है।

ये भी पढ़ें:

डेढ़ घंटे तक एंबुलेंस का इंतजार कर भड़के परिजन, पुलिस ने घायल को भेजवाया अस्पताल

परिजनों का आरोप है कि रेफर किए जाने के बाद करीब डेढ़ घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। इस दौरान शक्तिमान की हालत लगातार बिगड़ती रही। नाराज परिजनों ने सीएचसी परिसर में हंगामा किया। मौके पर गाली-गलौज और हल्की तोड़फोड़ की भी बात सामने आई। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई। पुलिस ने अपने सरकारी वाहन से घायल को जिला अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में चीख-पुकार मच गई और परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। तीसरे घायल सचिन की हालत भी गंभीर बनी हुई है।
barabanki-news-two-dead-in-road-accident-on-way-to-lodheshwar-mahadeva (2)

जोशी टोला में गूंज उठीं चीखें, फरवरी में होनी थी शैलेंद्र की शादी

शैलेंद्र उर्फ हेमल जोशी के पिता दयाशंकर जोशी नगर पंचायत में नामित सभासद हैं। तीन भाइयों में शैलेंद्र दूसरे नंबर पर था। परिवार के मुताबिक उसकी शादी तय हो चुकी थी और फरवरी 2027 में विवाह होना था। वह एक निजी बैंक में नौकरी करता था। शादी की तैयारियों के बीच हुई मौत से परिवार गहरे सदमे में है। वहीं शक्तिमान जोशी पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा है। दोनों परिवारों ने एंबुलेंस व्यवस्था में लापरवाही की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।

ये भी पढ़ें  मुठभेड़ में गौकशी का इनामी आरोपी गिरफ्तार...पैर में लगी गोली, लंबे समय से दे रहा था चकमा

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button