
बाराबंकी, 20 सितंबर 2026:
यूपी के बाराबंकी में बैंक खाताधारक के खाते से 2.50 लाख रुपये निकाले जाने के मामले में पुलिस ने राजेश कुमार समेत बैंक शाखा के मैनेजर और कैशियर के खिलाफ केस दर्ज किया है। खाताधारक रामसजीवन का आरोप है कि उसने न तो कोई चेक दिया था और न ही विड्राल पर्ची पर हस्ताक्षर किए थे। इसके बावजूद उसके खाते से रकम निकाल ली गई।
मोबाइल पर आया 2.50 लाख रुपये निकलने का मैसेज
कोतवाली नगर क्षेत्र के डेहुवा मजरे दारापुर निवासी रामसजीवन का केनरा बैंक की कुरौली शाखा में खाता है। उसके मुताबिक 16 जून 2026 को मोबाइल पर खाते से 2.50 लाख रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। इसके बाद वह तुरंत बैंक शाखा पहुंचा और मामले की जानकारी की।
राजेश कुमार पर रकम निकालने का आरोप
रामसजीवन के मुताबिक बैंक शाखा प्रबंधन ने उसे बताया कि खाते से निकाली गई रकम राजेश कुमार निवासी हसनपुर, पहाड़ापुर, थाना मसौली ने निकाली है। रामसजीवन का कहना है कि उसने राजेश कुमार समेत किसी भी व्यक्ति को चेक या विड्राल पर्ची पर हस्ताक्षर करके नहीं दिया था।

बैंक अधिकारियों की मिलीभगत का आरोप
खाताधारक ने आरोप लगाया कि राजेश कुमार ने बैंक के शाखा मैनेजर और कैशियर के साथ मिलकर धोखाधड़ी और जालसाजी करके उसके खाते से रुपये निकाले। उसका यह भी आरोप है कि बैंक की तरफ से उसे मामले की सही जानकारी नहीं दी गई।
पहले हुआ था समझौता, एक महीने में रकम लौटाने का वादा
रामसजीवन ने पहले भी मामले को लेकर पुलिस से शिकायत की थी। शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर समझौता करा दिया था। आरोप है कि समझौते में राजेश कुमार ने एक महीने के भीतर 2.50 लाख रुपये वापस करने की बात लिखी थी। समय बीतने के बाद भी रकम वापस नहीं की गई।
दोबारा शिकायत के बाद केस
रकम वापस नहीं मिलने पर रामसजीवन ने एसपी को दोबारा प्रार्थना पत्र दिया। इसमें राजेश कुमार के खिलाफ केस दर्ज करने, मामले में कार्रवाई करने और रकम वापस दिलाने की मांग की गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।






