Barabanki City

खून से लाल हुआ एक्सप्रेसवे… ट्रेलर में घुसी इनोवा, कैंची धाम जा रहे चार दोस्तों की मौत

सुल्तानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में इनोवा सवार चार युवकों ने मौके पर दम तोड़ दिया, कार में कुल सात लोग सवार थे, तीन की हालत नाजुक बनी, शुरुआती जांच में चालक को झपकी आने और तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना गया

बाराबंकी, 26 मई 2026:

बाराबंकी में सुल्तानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। भिखरा गांव के पास तेज रफ्तार इनोवा आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं।

अंदाजा है कि सड़क हादसा रात करीब 2:50 बजे हुआ। ट्रेलर सुल्तानपुर से लखनऊ की तरफ जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही इनोवा बेकाबू होकर ट्रेलर में घुस गई। कार में सवार सभी युवक कैंची धाम दर्शन के लिए जा रहे थे।

हादसे में राहुल कुमार (29) निवासी चंदौली, राहुल सिंह (30) निवासी गाजीपुर, सत्यम सिंह (30) निवासी बलिया और सूरज मिश्रा (31) निवासी सुल्तानपुर की मौके पर मौत हो गई। वहीं पंकज निवासी मिर्जापुर, प्रशांत निवासी बलिया और चंदन सिंह निवासी मिर्जापुर गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला गया। सभी को पहले नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां से हालत गंभीर होने पर तीनों घायलों को केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि चालक को झपकी आने से कार अनियंत्रित हुई। पुलिस हादसे के दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है। हादसे से प्रभावित मृतकों व घायलों के परिवार को सूचना दे दी गई है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button