अनिल निषाद
अयोध्या, 27 मई 2026:
यूपी के अयोध्या शहर में बदहाल सीवर व्यवस्था, महीनों से खोदी पड़ी सड़कों और अधूरे निर्माण कार्यों को लेकर जनता का आक्रोश अब जनप्रतिनिधियों की बैठकों में खुलकर दिखाई देने लगा है। बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में जल निगम अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता का गुस्सा अधिकारियों और ठेकेदारों पर जमकर फूटा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जनता को परेशान करने वाली लापरवाही अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों से पहुंचे पार्षदों ने सीवर परियोजना की अव्यवस्थाओं की परत-दर-परत पोल खोली। पार्षद अनुज दास ने बताया कि कई स्थानों पर सड़कें छह महीने पहले खोद दी गईं लेकिन आज तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ। इससे स्थानीय लोगों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। पार्षद अनूप श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि कई इलाकों में ठेकेदार संसाधनों के अभाव में काम छोड़कर बैठे हैं। महीनों से कार्य लंबित पड़ा है।

पार्षद दीप कुमार गुप्ता ने आदर्श पुरम कॉलोनी की बदहाल सड़कों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सीवर लाइन डालने के बाद सड़कें चलने लायक नहीं बची हैं। वहीं घोसियाना क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने के बाद ठेकेदार के लापता होने की शिकायत भी सामने आई। पार्षद अंकित त्रिपाठी ने कई घरों में सीवर का गंदा पानी भरने का गंभीर मामला उठाया। पार्षद ज्ञान केसरवानी ने मकबरा फतेहगंज रोड पर चल रहे कार्यों में जल निगम की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए।
रामपथ क्षेत्र में खुले पड़े मैनहोल, गायब ढक्कन, ओवरफ्लो हो रहे सीवर और शिकायतों के निस्तारण में कंट्रोल रूम की उदासीनता को लेकर पार्षद विनय जायसवाल ने भी तीखी नाराजगी जताई। लगातार शिकायतों के बीच विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जब तक पुराने और अधूरे कार्य पूरे नहीं हो जाते तब तक किसी भी नए स्थान पर सीवर लाइन का कार्य शुरू न किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि खोदी गई सड़कों का गुणवत्तापूर्ण निर्माण होने से पहले किसी भी ठेकेदार का भुगतान नहीं किया जाएगा। विधायक ने कहा कि बरसात से पहले हर हाल में सभी सड़कें दुरुस्त होनी चाहिए अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ शासन स्तर पर कार्रवाई की संस्तुति भेजी जाएगी। इस बैठक जल निगम के एक्सईएन नगरीय रोहित चौरसिया, सहायक अभियन्ता विवेक पाण्डेय, संतोष कुमार सिंह, रवि सोनकर, अमित कुमार मिश्र, वरूण चौधरी आदि मौजूद रहे।






