Lucknow City

चॉकलेट के पैकेटों में विदेश से उड़कर आई नशे की बड़ी खेप… लखनऊ में ऐसे हुआ खुलासा

अमौसी एयरपोर्ट पर कस्टम की बड़ी कार्रवाई, मस्कट से आए भारतीय यात्री के बैग से बरामद हुई 13 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक मारिजुआना, कीमत 13 करोड़, आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ, 3 जून 2026:

विदेशी धरती से नशे की खेप लाकर राजधानी को तस्करी का ट्रांजिट प्वाइंट बनाने की कोशिशें लगातार सामने आ रही हैं। एक बार फिर चौधरी चरण सिंह (अमौसी) इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मस्कट से आए एक भारतीय यात्री के कब्जे से करीब 13 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड (मारिजुआना) यानी गांजा बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत लगभग 13 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार मस्कट से लखनऊ पहुंची फ्लाइट संख्या WY-265 के एक चेक-इन बैगेज की एक्स-रे जांच के दौरान कस्टम अधिकारियों को संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। गहन विश्लेषण और जांच के बाद संबंधित यात्री की पहचान कर उसे रोक लिया गया। इसके बाद उसके व्यक्तिगत सामान और बैगेज की तलाशी ली गई।

WhatsApp Image 2026-06-03 at 12.13.14 PM

ये भी पढ़ें:

जांच के दौरान अधिकारियों को बैग में पांच चॉकलेट पैकेट मिले। जब इन पैकेटों को खोला गया तो उनके भीतर कुल 10 पॉलीथीन पैकेट छिपे मिले। हर चॉकलेट पैकेट में दो-दो पैकेट बड़ी सावधानी से छिपाए गए थे। इनमें हरे रंग का संदिग्ध पदार्थ भरा हुआ था जो प्राथमिक जांच में हाइड्रोपोनिक गांजा यानी मारिजुआना पाया गया। बरामद नशीले पदार्थ का कुल वजन लगभग 13 किलोग्राम निकला।

Advertisement

कस्टम अधिकारियों ने इसे एनडीपीएस अधिनियम के तहत जब्त कर लिया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। कोर्ट में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गौरतलब है कि लखनऊ एयरपोर्ट हाल के महीनों में हाइड्रोपोनिक वीड तस्करों के निशाने पर रहा है।

गत मई माह की शुरुआत में भी एयर इंटेलिजेंस यूनिट और डीआरआई ने बैंकॉक से आए यात्रियों के पास से करीब 14.872 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया था जिसकी कीमत लगभग 14 करोड़ रुपये आंकी गई थी। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल कस्टम विभाग पूरे नेटवर्क और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटा हुआ है।

ये भी पढ़ें  लुटेरे ने सिपाही की नाक फोड़ दी, फिर भी नहीं छोड़ा, राखी बांधकर महिला बोली- भैया आपने बचा लिया

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link